मध्य प्रदेश

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद का हिस्सा क्षतिग्रस्त, अधिकारी ने क्या बताया?


मध्यप्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए बाधाएं हटाने के दौरान एक मस्जिद का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की.

कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने एक बयान में कहा कि छत्री चौक स्थित मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम आपसी सहयोग से किया जा रहा है और इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ.

इससे पहले, आगामी सिंहस्थ कुंभ-2028 के मद्देनजर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को चौड़ा करने की योजना के तहत शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने को लेकर शहर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी.

कलेक्टर ने कहा, ‘उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद के एक हिस्से को कुछ नुकसान पहुंचा है. घटना में कोई घायल नहीं हुआ है.’

उन्होंने कहा कि काम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है.

जीतू पटवारी बालाघाट पर बोले- आदिवासियों को केवल विज्ञापन मिले, सेवाएं नहीं

सिंह ने कहा, ‘सभी धर्मों और समुदायों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग मौके पर मौजूद हैं और हम उनके साथ लगातार संवाद कर रहे हैं.’

उन्होंने लोगों से केवल प्रमाणिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने की अपील की.

कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति अफवाह, भ्रामक जानकारी या झूठी खबर फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरु प्रसाद पाराशर ने बताया कि काम के दौरान व्यवधान और किसी तरह की चोट से बचने के लिए 500 मीटर के दायरे में फोटो और वीडियो बनाने पर रोक लगाई गई है.

अधिकारी ने बताया कि मस्जिद के जिस हिस्से को हटाया जा रहा है, उसके भूतल पर दुकानें हैं.

उज्जैन में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है. इसके लिए प्रस्तावित मार्ग की जद में आने वाले निर्माणों को हटाया या उनमें बदलाव किया जा रहा है.

पांचों वक्त की नमाज अदा कर रहे

उज्जैन नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राजकुमार राठौर ने बताया कि मास्टर प्लान के अनुसार छत्री चौक से गोपाल मंदिर की ओर 2.7 मीटर तथा दूसरे छोर पर 1.4 मीटर हिस्सा सड़क चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित हो रहा है, जिसके लिए नोटिस जारी किया गया था.

उन्होंने बताया कि इस कार्य से क्षेत्र की दुकानें भी प्रभावित हुई हैं. अधिकारी ने कहा कि काम तकनीकी रूप से संवेदनशील होने के कारण समुदाय के लोग इसे चरणबद्ध और सुरक्षित तरीके से कर रहे हैं.

शहर काजी खलीकुर रहमान ने कहा कि समुदाय के लोग यहां पांचों वक्त की नमाज अदा कर रहे हैं.

दावा किया जाता है कि उज्जैन की शाही मस्जिद करीब 100 साल पुरानी है.

सड़क चौड़ीकरण की यह कवायद उज्जैन में चल रही एक बड़ी परियोजना का हिस्सा है, जिसके तहत धार्मिक स्थलों समेत 272 निर्माण प्रभावित होने हैं.

राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए करीब 9.8 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं.

एक अधिकारी ने इससे पहले कहा था कि छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का एक हिस्सा समुदाय द्वारा स्वेच्छा से हटाया जा रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button