
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रशासन और पुलिस को लेकर कड़ा बयान दिया. बसई क्षेत्र के ठकुरपुरा गांव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उपचुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होना चाहिए. अगर चुनाव के दौरान पुलिस या प्रशासन ने किसी भी प्रकार का पक्षपात किया तो चुनाव समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा.
‘सरकारें बदलती रहती हैं, जवाबदेही तय होगी’
पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन यदि किसी कर्मचारी ने अपनी जिम्मेदारी का निष्पक्षता से निर्वहन नहीं किया और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया, तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए, ताकि जनता का लोकतंत्र पर भरोसा बना रहे.
MP News: कैलाश विजयवर्गीय ने छात्रों को बताया था ‘कीड़ा’? अब खुद दी सफाई, जानें क्या कहा?
कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण चुनाव लड़ने की अपील
सभा के दौरान जीतू पटवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ लड़ा जाना चाहिए.
अपने संबोधन में जीतू पटवारी ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने आत्महत्या, हत्या, आपराधिक घटनाओं और जमीन विवाद जैसे मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि दतिया क्षेत्र के लोगों की पीड़ा देखकर वे व्यथित हैं. उनका कहना था कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस उनकी आवाज बनकर खड़ी है.
फिलहाल जीतू पटवारी के इस बयान पर जिला प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच उनका यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. अब देखना होगा कि इस बयान पर आगे प्रशासन या सत्तारूढ़ दल की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं.