
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में लगातार हो रही बारिश के कारण पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-154A) पर हालात बेहद खराब बने हुए हैं. पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिरने और भूस्खलन की वजह से सड़क कई जगह बंद हो गई है. इसी बीच एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर 7 माह का गंभीर रूप से बीमार बच्चा अपने परिवार के साथ रास्ते में फंस गया था. समय पर अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो गया था और बच्चे की हालत लगातार बिगड़ रही थी.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की राजमार्ग गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची. उस समय पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे थे, लेकिन टीम ने बिना देर किए बच्चे को गोद में उठाया और परिवार के साथ बेहद सावधानी से सड़क पार करवाई.
हिमाचल में कहर बरपा रही मानसून की बारिश, अब तक 75 की मौत, 178 सड़कें बंद होने से पर्यटक फंसे
दूसरी तरफ पहले से खड़ी एम्बुलेंस तक बच्चे को सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां से उसे इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया. इस पूरे रेस्क्यू के दौरान टीम ने अपनी जान की परवाह नहीं की.
वीडियो वायरल, लोग कर रहे टीम की तारीफ
इस बचाव अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बचावकर्मी गिरते पत्थरों के बीच बच्चे को सीने से लगाकर सुरक्षित जगह तक ले जा रहे हैं. यह दृश्य लोगों को भावुक कर रहा है. सोशल मीडिया पर लोग NHAI की टीम की बहादुरी, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना कर रहे हैं.
हिमाचल: NEET पेपर लीक को लेकर मंत्री रोहित ठाकुर का केंद्र पर निशाना, ‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा…’
बारिश से लगातार बिगड़ रहे हैं हालात
बताया जा रहा है कि NH-154A के 167 से 172 किलोमीटर के बीच भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह प्रभावित है. चंबा और भरमौर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह पहाड़ दरक रहे हैं, जिससे यातायात बार-बार बाधित हो रहा है. प्रशासन लोगों से खराब मौसम में बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील कर रहा है.