मध्य प्रदेश

Mandi News: पधर-नौहली सड़क बनी तालाब, घरों और खेतों में घुसा पानी, PWD ने क्या कहा?


लगातार हो रही बारिश के बीच मंडी जिले के पधर उपमंडल में लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. पधर-नौहली सड़क पर गलमाठा के पास बारिश का पानी जमा होने से सड़क तालाब में बदल गई है. हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहन चालकों को पानी से भरी सड़क पर जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है. वहीं सड़क पर भरा पानी आसपास के घरों और खेतों में भी घुस रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे नालियां तो बना दीं, लेकिन नालियों के पानी को किसी कलवर्ट या नाले तक पहुंचाने का स्थायी इंतजाम नहीं किया.

Himachal News: हिमाचल में 800 कॉन्सटेबल की भर्ती में आयु सीमा में एक साल की छूट, पढ़ें कैबिनेट के फैसले

इसका नतीजा यह हुआ कि बारिश का पूरा पानी सड़क पर ही जमा होने लगा और अब सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है. लोगों का कहना है कि अगर शुरुआत में ही पानी की निकासी की सही व्यवस्था कर दी जाती तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती.

घरों और खेतों तक पहुंच रहा बारिश का पानी

भारी बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी धीरे-धीरे आसपास के घरों और खेतों में भी पहुंच रहा है. इससे किसानों को फसलों के नुकसान का डर सता रहा है.

वहीं स्थानीय परिवारों को भी बारिश के दौरान हर समय इस बात की चिंता रहती है कि कहीं पानी उनके घरों में न घुस जाए. लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़ा नुकसान हो सकता है.

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही विभाग को सलाह दी थी कि नालियों का पानी नाले की ओर मोड़ा जाए, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया.

उनका कहना है कि विभाग के कर्मचारी कई बार मौके पर आए, लेकिन केवल अस्थायी काम करके चले गए. अब तीसरी बार भी सड़क पर वही जलभराव की स्थिति बनी हुई है. लोगों का कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान किया जाता तो आज सड़क तालाब में नहीं बदलती.

Chamba News: पांगी में बादल फटने से मची तबाही, बाढ़ में फंसे 20 मजदूर, रेस्क्यू कर बचाई गई जान

PWD ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

इस मामले में लोक निर्माण विभाग, पधर के सहायक अभियंता प्रदीप पटियाल ने बताया कि समस्या की जानकारी मिलते ही मौके पर जेसीबी मशीन भेज दी गई है. उन्होंने कहा कि बारिश के पानी की निकासी के लिए जल्द आवश्यक कार्य कराया जाएगा ताकि सड़क पर हो रहे जलभराव की समस्या का समाधान किया जा सके.

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए ताकि हर बारिश में उन्हें इसी परेशानी का सामना न करना पड़े.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button