मध्य प्रदेश

Sagar News: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में हड़कंप, अस्थि रोग वार्ड के स्टोर रूम में मिला अज्ञात शव


मध्य प्रदेश के सागर स्थित शासकीय बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल बन गया, जब अस्पताल के एक स्टोर रूम से अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ. शव करीब दो दिन से अधिक पुराना बताया जा रहा है, जिसकी वजह से पूरे वार्ड में तेज दुर्गंध फैल गई थी.

जानकारी के अनुसार, यह घटना BMC के अस्थि रोग विभाग (वार्ड नंबर 14) की है. वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को काफी देर से अजीब सी दुर्गंध आ रही थी, जिससे परेशान होकर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की. जब अस्पताल के स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो पता चला कि दुर्गंध वार्ड के अंदर ही बने एक स्टोर रूम से आ रही है. अनहोनी की आशंका होने पर तुरंत गोपालगंज थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई.

मुआवजे की मांग लेकर भोपाल कूच से पहले किसानों को इंदौर पुलिस ने रोका, छोड़े आंसू गैस के गोले

अंदर से बंद था स्टोर रूम का दरवाजा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्टोर रूम का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया. पुलिस के अनुसार, स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था. जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया. अंदर एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ था. पुलिस ने तुरंत शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम (मोर्चरी) के लिए भेज दिया है.

क्या कह रही है पुलिस और अस्पताल प्रबंधन?

गोपालगंज थाना प्रभारी (घनश्याम शर्मा) ने कहा, “फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि मृतक अस्पताल में भर्ती कोई मरीज था या फिर किसी मरीज का परिजन. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की जा रही है.”

BMC अधीक्षक (राजेश जैन) ने कहा, “यह घटना बेहद गंभीर है. मामले के हर पहलू की गहन जांच कराई जा रही है. यदि इस जांच में अस्पताल प्रबंधन या स्टाफ के किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और मौत के असल कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी.

उज्जैन महाकाल मंदिर का नया शेड्यूल जारी, श्रावण में 19 घंटे खुलेंगे पट, बढ़ेगा दर्शन का समय



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button