

नई दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर जाएंगे. शनिवार को संपन्न होने वाले इस ट्रिप के दौरान, वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही, प्रधानमंत्री सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और अपने गृह राज्य में एक मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे. पीएमओ की तरफ से गुरुवार को जारी एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के अपने दौरे की शुरुआत करेंगे. इस दौरान वे ‘स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान’ (S-VYASA) के आवासीय मुख्यालय परिसर, ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे.
दोपहर करीब 12:45 बजे, प्रधानमंत्री मोदी मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे और तवारेकेरे से IIM बैंगलोर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो की सवारी करेंगे. करीब 1:15 बजे, प्रधानमंत्री मोदी बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनका उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इस मौके पर वे ‘गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक’ की आधारशिला रखेंगे और केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में ‘एस-व्यासा’ (S-VYASA) के ऑफ-कैंपस का शुभारंभ करेंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे.
साल 1975 में स्थापित ‘प्रशांति कुटीरम’ का मकसद आधुनिक विज्ञान को भारत के आध्यात्मिक ज्ञान के साथ जोड़ना था. यह S-VYASA का केंद्र है, जिसे 2002 में ‘डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी’ यानी मानित विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया था और यह योग के क्षेत्र में शिक्षा और अनुसंधान के लिए समर्पित है.
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के बनासकांठा स्थित अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. अंबाजी मंदिर 51 पवित्र शक्तिपीठों में से एक है.
वे बेंगलुरु मेट्रो की ‘पिंक लाइन’ का उद्घाटन करेंगे, जो कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक है और इसे करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. यह नया हिस्सा बेंगलुरु में शहरी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, रोजमर्रा के सफर को आसान करेगा, यात्रा के वक्त को कम करेगा और सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को मजबूत करेगा.
नरेंद्र मोदी, कोप्पल-II और गदग-II में ‘रिन्यूएबल एनर्जी ज़ोन’ को जोड़ने वाली ट्रांसमिशन योजना (चरण-II) का भी उद्घाटन करेंगे, जिसे करीब 4,450 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया गया है. यह ट्रांसमिशन सिस्टम कर्नाटक के कोप्पल और गदग क्षेत्रों से करीब 2 GW रिन्यूएबल एनर्जी को बाहर निकालने में मदद करेगा, जिससे इसे आगे ग्रिड के जरिए लाभार्थियों तक पहुंचाया और बांटा जा सके.
प्रधानमंत्री मोदी बीदर में सोलर एनर्जी ज़ोन के लिए ट्रांसमिशन स्कीम का उद्घाटन करेंगे, जिसे करीब 1,370 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया गया है. इस प्रोजेक्ट में बीदर पूलिंग स्टेशन की स्थापना शामिल है, जिससे इस क्षेत्र से 2.5 GW सौर ऊर्जा को बाहर भेजने में मदद मिलेगी.
रिन्यूएबल एनर्जी और LPG स्टोरेज को मिलेगा बढ़ावा!
प्रधानमंत्री दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बल्लारी रिन्यूएबल एनर्जी ज़ोन को जोड़ने वाली ट्रांसमिशन स्कीम की आधारशिला रखेंगे, जिसमें 3,450 करोड़ रुपये से ज्यादा का इन्वेस्टमेंट किया जाएगा. पीएम मोदी दावणगेरे और बल्लारी में अतिरिक्त रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता को जोड़ने के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम को मजबूत करने वाले प्रोजेक्ट की भी आधारशिला रखेंगे, जिसमें 1,100 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होगा.
प्रधानमंत्री मंगलुरु में भारत के सबसे बड़े भूमिगत LPG स्टोरेज कैवर्न यानी भंडारण गुफा को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिसे 850 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बनाया गया है. 80 हजार मीट्रिक टन की स्टोरेज क्षमता वाली यह सुविधा भारत के LPG स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी मजबूत करेगी. इस प्रोजेक्ट में 9.4 किलोमीटर लंबी LPG पाइपलाइन भी शामिल है, जो न्यू मंगलौर पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ती है. इससे LPG के ट्रांसपोर्टेशन और स्टोरेज में काफी आसानी होगी.
नरेंद्र मोदी बेंगलुरु में मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. 330 करोड़ रुपये के इन्वेस्टमेंट से बनी यह अत्याधुनिक सुविधा कर्नाटक में पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगी.
वे बेंगलुरु के हरलाकंटे में गेल (GAIL) के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला भी रखेंगे. यह प्लांट हर दिन करीब 300 टन नगरपालिका ठोस कचरे (म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट) को प्रोसेस करके 12.6 टन स्वच्छ कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) का उत्पादन करेगा. यह प्रोजेक्ट वैज्ञानिक तरीके से वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा देगी, पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करेगी और एक स्वच्छ और ज्यादा टिकाऊ पर्यावरण बनाने में योगदान देगी.
रेलवे को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत फिर से विकसित किए गए चार रेलवे स्टेशनों- चामराजनगर, चिकमगलूरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे. फिर से डेवलप किए गए इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं होंगी. ये स्टेशन शहर के मुख्य केंद्रों के रूप में काम करेंगे, जिससे स्थानीय व्यावसायिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
प्रधानमंत्री मोदी 284 किलोमीटर लंबी ‘गदग-होतगी दोहरीकरण परियोजना’ के हिस्से के रूप में 45 किलोमीटर लंबी ‘बागलकोट-वंडल’ रेलवे लाइन के दोहरीकरण खंड को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इससे यात्रियों और माल की आवाजाही बेहतर होगी, स्थानीय व्यापार को समर्थन मिलेगा और कुडगी NTPC प्लांट तक कोयले की आपूर्ति आसान हो जाएगी.
वे 55 किलोमीटर लंबे ‘सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट’ रेलवे खंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. भारत के सबसे कठिन रेलवे इलाकों में से एक से गुजरने वाली यह परियोजना, इंजीनियरिंग की एक बड़ी उपलब्धि है. इसके पूरा होने के साथ ही, पूरा बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग अब पूरी तरह से इलेक्ट्रिफाइड हो गया है.
पीएम मोदी ‘कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल’ का उद्घाटन करेंगे. यह देश में तारामंडल तकनीक और खगोल विज्ञान एजुकेशन सेक्टर में एक अहम प्रगति है. ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स’ (IIA) द्वारा निर्मित, ‘कॉसमॉस-मैसूर’ भारत का पहला LED डोम तारामंडल है.
खगोल विज्ञान शिक्षा और प्रशिक्षण केंद्र के रूप में परिकल्पित यह तारामंडल, मैसूर विश्वविद्यालय के परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है. इस अत्याधुनिक सुविधा में 15 मीटर का एक झुका हुआ गुंबद (डोम) है, जिसमें करीब 6,150 पैनल लगे हैं और इनमें कुल 4.2 करोड़ LED हैं. पारंपरिक तारामंडलों के उलट यहां लगे LED पैनलों को रियल-टाइम में कंट्रोल किया जा सकता है. इससे दर्शकों को एक शानदार विजुअल एक्सपीरिएंस मिलता है और एस्ट्रोनॉमी एजुकेशन के लिए नई संभावनाएं खुलती हैं.
यह भी पढ़ें | PM ने दी सैम पित्रोदा को दिवाली की बधाई, यूजर ने कहा- हमें भी दो, मोदी ने लिखा- आपको भी
यह भी पढ़ें | बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत कल से, कर्नाटक-गोवा के टूरिस्ट प्लेस से गुजरेगी, 850 KM के रूट में 57 सुरंग
यह भी पढ़ें | मेरी उनसे अच्छी बनती है… पीएम मोदी से रिश्तों पर बोले सैम पित्रोदा





