खबर

‘आई एम अंडर हाउस अरेस्ट’, सोनम वांगचुक का दावा- बंदूक लेकर 20-25 जवान घर के बाहर पहरा दे रहे हैं | Sonam Wangchuk house arrest claims 20-25 armed personnel are standing guard outside his home



लेह:

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने हाउस अरेस्ट किए जाने का दावा किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है. इसमें उन्होंने दावा किया है कि उनके घर के बाहर हथियारों से लैस दर्जनों पुलिसकर्मियों और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं. 

सोनम वांगचुक ने लगभग तीन मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने घर के बाहर तैनात कुछ कथित जवानों के वीडियो दिखाए हैं. उनका दावा है कि कल रात से ही उन्हें नजरबंद कर लिया गया है.

वांगचुक लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर धरना देने वाले थे. उनका दावा है कि धरने से पहले ही उन्हें नजरबंद कर लिया गया है.

क्या बोले सोनम वांगचुक?

वीडियो में सोनम वांगचुक ने दावा किया कि ‘मुझे हाउस अरेस्ट में रखा गया है और घर के बाहर 20-25 पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल, बहुत सारी गाड़ियां और तंबू लगाए गए हैं. हर तरफ सिपाही बंदूकें लिए पहरा दे रहे हैं.’

इस वीडियो में वांगचुक ने घर के बाहर तैनात कथित जवानों का वीडियो भी दिखाया. इसमें उन्होंने बताया कि पिछले साल 24 सितंबर को हुई हिंसा की जांच रिपोर्ट को जारी करने की मांग को लेकर धरना देने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें नजरबंद कर लिया गया.

उन्होंने कहा, ‘मैंने उन्हें साफ कहा कि मैं जेल जाने को तैयार हूं, तो वे मुझे उठाकर मेरे घर लाए और तब से ही मैं इस घर में नजरबंद हूं.’

वांगचुक ने कहा कि ‘बाहर जाने की कोई जगह नहीं है, पहरा है हर तरफ. हालांकि, अखबारों में ये कहा जा रहा है कि मुझे घर में रहने की सलाह दी गई है. मगर इतने सारे पुलिसकर्मियों का मतलब है कि कहीं नहीं जा सकता हूं, नजरबंद हूं, हाउस अरेस्ट में हूं.’

अदालत जाने की तैयारी में वांगचुक

सोनम वांगचुक ने कहा कि वह इस हाउस अरेस्ट के खिलाफ अदालत भी जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘हमने मजिस्ट्रेट में अपील की है. हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक चैलेंज करने जा रहे हैं कि बेवजह किसी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए आप कैसे अरेस्ट कर सकते हैं, वह भी बिना अरेस्ट का नाम लिए. तो ये एक मनमानी गुंडा राज है जिसके बारे में हम आवाज उठाना चाहते हैं.’

उन्होंने कहा कि ‘यहां जो धरना होने वाला था, वह बहुत ही सफलता से हुआ और जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं,तब तक होते रहेंगे.’

उन्होंने अपने धरना प्रदर्शन के लिए लोगों से साथ मांगा है. उन्होंने कहा कि ‘लद्दाख केलोग हमेशा से भारत की युवा पीढ़ी के साथ हैं, सीमाओं पर सैनिकों के साथ रहे हैं. अब बारी है कि आपकी कि आप भी हमारा साथ दें.’

केंद्र पर लगाया था वादाखिलाफी का आरोप

हाल ही में सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार पर लद्दाख के लोगों को लोकतांत्रिक अधिकार और संवैधानिक सुरक्षा देने के वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया था.

वांगचुक ने लद्दाख के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग दोहराई थी. उन्होंने कहा था कि यदि केंद्र सरकार पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए तैयार नहीं है, तो कम से कम संवैधानिक सुरक्षा उपायों के साथ ऐसी केंद्र शासित प्रदेश की व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें अपनी विधानसभा हो.

वांगचुक ने कहा था कि 2019 से लद्दाख के लोगों को छठी अनुसूची के तहत सुरक्षा और लोकतंत्र की बहाली की उम्मीद दिलाई गई थी, लेकिन इन मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले लोगों को भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. 

उन्होंने आरोप लगाया था कि आंदोलन के दौरान पदयात्रा, अनशन और गांधीवादी तरीकों से अपनी बात रखने के बावजूद लोगों की आवाज दबाई गई. इस दौरान लोगों की जान गई, कई लोग घायल हुए और कुछ को हिरासत में लिया गया.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button