

भारी बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज स्कूल बंद रहने वाले हैं. भारी बारिश को देखते हुए डीएम ने गुरुवार यानी 20 अगस्त को भी जिले में स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं. भारी बारिश के चलते प्रयागराज जिले में प्री प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. डीएम के निर्देश पर बीएसए अनिल कुमार ने स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है. परिषदीय, माध्यमिक और सभी बोर्डों के मान्यता, सहायता प्राप्त अंग्रेजी-हिंदी मीडियम के विद्यालयों में रेनी डे अवकाश घोषित किया गया है.
चमोली में कुत्तों का आतंक, तीन दिन स्कूल बंद
दूसरी और चमोली जिले में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है, लेकिन नारायणबगड़ क्षेत्र में स्कूलों में 3 दिन की छुट्टी बारिश नहीं, बल्कि पागल कुत्तों का बढ़ता आतंक है. क्षेत्र में कुत्तों के लगातार हमले से लोगों में दहशत का माहौल है. स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, नारायणबगड़ क्षेत्र के सरकारी, अर्द्धसरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी घोषित की है.
ऑनलाइन होगी पढ़ाई
आदेश में कहा गया है स्कूल भौतिक रूप से बंद रहेंगे, लेकिन बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूल प्रबंधन ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं संचालित करेगा. नारायणबगड़ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से आवारा और पागल कुत्तों का आतंक बढ़ गया है. कुत्तों के हमले में कई राहगीर घायल हो चुके हैं. बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है.
इधर, वन विभाग की टीम भी कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है. बुधवार को टीम ने नारायणबगड़ बाजार क्षेत्र में घूम रहे कुछ आवारा कुत्तों को पकड़कर कार्रवाई की. टीम की ओर से संवेदनशील स्थानों पर कुत्तों की तलाश की जा रही है.





