

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बंद फ्लैटों और मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को बिसरख पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से इलाके में बंद घरों की रेकी कर नकदी और आभूषण चोरी किया करते थे. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया.
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि बिसरख क्षेत्र में 27 अगस्त और 13 अक्टूबर 2026 को बंद फ्लैटों और मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं. इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस लगातार जांच कर रही थी.
रोजा गोलचक्कर के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया लेकिन दोनों भागने लगे. पीछा किए जाने पर खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू के पैर में गोली लग गई. घायल होने के बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया. उसका साथी पिंटू अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला लेकिन पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया.
चोरी के जेवर, नकदी और हथियार बरामद
पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली. आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, पायल और कड़े शामिल हैं, बरामद किए गए. इसके अलावा 11,450 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं.
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी का सामान बेचकर आपस में रकम बांटते थे. पुलिस के अनुसार उनके एक अन्य साथी संदीप की तलाश जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं 14 से ज्यादा मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू मैनपुरी का रहने वाला है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ दिल्ली, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज, एटा और नोएडा में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. वहीं दूसरा आरोपी पिंटू भी मैनपुरी का निवासी है और उसके खिलाफ बिसरख थाने में पहले से दो मामले दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें- लॉरेंस गैंग का स्लीपर ऑपरेटिव है ऋतिक, एक साल से बॉलीवुड सितारों की कर रहा था रेकी! बड़ा खुलासा





