मध्य प्रदेश

हिमाचल विधानसभा में हंगामा, राष्ट्रगान के मुद्दे पर BJP का वॉकआउट


हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन भी सदन की कार्यवाही हंगामे के साथ शुरू हुई. कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में सत्ता पक्ष कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी के विधायक आमने-सामने नजर आए. दोनों दलों के विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ धरना दिया और जमकर नारेबाजी की. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोप लगाए.

सदन के अंदर पहुंचने के बाद बीजेपी ने राष्ट्रगान के मुद्दे को उठाया. विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से बीजेपी पर राष्ट्रगान के अपमान का लगाया गया आरोप गलत है. बीजेपी ने मांग की कि सदन में पहले दिन की कार्यवाही की वीडियो फुटेज दिखाई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर बीजेपी ने राष्ट्रगान का अपमान कहां किया.

शिमला: वंदे मातरम् पर सियासी संग्राम, हाईकोर्ट जाने की तैयारी में BJP

इस मुद्दे को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई. विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के मुद्दे को खत्म कर दूसरे विषयों पर चर्चा करने की बात कही. इसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी. करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद बीजेपी विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया.

अटैची लेकर विधानसभा पहुंचे बीजेपी विधायक

इससे पहले बीजेपी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया. बीजेपी विधायक हाथों में अटैची लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही नेता सरकार पर 3 अटैची दिल्ली भेजने और दो मुख्यमंत्री कार्यालय में रखने के आरोप लगा रहे हैं. बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा और पिछले 4 वर्षों से प्रदेश का विकास ठप पड़ा है.

जयराम ठाकुर ने कहा कि बीजेपी सदन चलाना चाहती है और जनता के मुद्दे उठाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस चर्चा से बच रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पर राष्ट्रगान के अपमान के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं. पहले दिन की कार्यवाही की वीडियो फुटेज मांगी गई थी, लेकिन उसे उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष राष्ट्रगीत के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा.

मुकेश अग्निहोत्री ने बीजेपी पर किया पलटवार

वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष देश में महंगाई, चंदा चोरी और पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी लगातार सदन की कार्यवाही बाधित कर रही है, जबकि सत्ता पक्ष जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा चाहता है.

हिमाचल में बारिश-बाढ़ से तबाही, आपदा में 224 मौतें; 1112 करोड़ का नुकसान

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों का पूरा सम्मान करती है, लेकिन विधानसभा की कार्यवाही संविधान और नियमों के अनुसार संचालित होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी वास्तविक मुद्दों से भाग रही है.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है. चीनी के दाम 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुके हैं और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़े हैं, लेकिन बीजेपी जनता की समस्याओं के बजाय राजनीतिक लाभ लेने में व्यस्त है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button