
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की बोह घाटी में रातभर हुई बारिश के कारण 12 अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गए तथा तीन लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. इसके साथ ही घाटी में क्षतिग्रस्त मकानों की कुल संख्या बढ़कर 18 हो गई है. मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश में छह मकान बह गए थे. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और कुल्लू जिलों के कुछ हिस्सों में अचानक निम्न से मध्यम स्तर की बाढ़ आने की चेतावनी दी है.
दरअसल, मंगलवार को घाटी के सपेड़ी और गरून गांवों में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई और भारी मात्रा में मलबा बहकर आया. लाम गांव पर भी खतरा मंडरा रहा है. इन गांवों को जाने वाले कई मार्ग प्रभावित हुए हैं. अधिकारियों ने बताया कि बारिश से 13 पक्के और पांच कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा तीन लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा नौ गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं. इस आपदा में तीन भैंसों, चार गायों, एक बैल और एक भेड़ की मौत हो गई.
कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना
खबरों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पहाड़ियों से तेज धमाके जैसी आवाज सुनी, जिसके कुछ ही क्षण बाद पानी, कीचड़ और बड़े-बड़े पत्थर तेजी से नीचे की ओर आए. शिमला मौसम केंद्र ने बुधवार के लिए कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है. वहीं, चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है.
इन इलाकों में अचानक निम्न से मध्यम स्तर की बाढ़
मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और कुल्लू जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में अचानक निम्न से मध्यम स्तर की बाढ़ आ सकती है. मौसम केंद्र ने कहा कि बारिश का दौर 27 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है.
मूसलाधार बारिश की वजह कई सड़कें हुईं बंद
अधिकारियों ने बताया कि डिब्बा और मनेड़ नाला क्षेत्रों में भी भूस्खलन हुआ है, जिससे बचाव दलों और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए आपदा प्रभावित इलाकों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं. प्रशासन ने लोगों को घरों में ही रहने और अनावश्यक यात्रा टालने की सलाह दी है.

