

शिमला:
हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में बड़ा हादसा हुआ है, यहां एक टैक्सी पर चट्टान का बड़ा हिस्सा गिर गया. इसमें 13 लोगों की मौत हो गई. घटना लाहौल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास की है. पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही ये टैक्सी मलबे में दब गई. बताया जा रहा है कि गाड़ी में 15 यात्री सवार थे. दो घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, वहीं क्या कोई अन्य यात्री उसमें फंसा है? इसकी तलाश के लिए पुलिस और बचाव दल अभियान चला रहे हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे. युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, कहूडू नाला के पास पत्थर गिरने से ये दुर्घटना हुई. इसमें सुमो गाड़ी (नंबर HP 01 M 2210) पूरी तरह हो पिचक गई, इसके ड्राइवर का नाम बीर सिंह था. इस हादसे में कुल 13 लोगों की मौत की सूचना है.
एक घायल को निकाला गया
बचाव दल ने मलबे से दो लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला है. उसको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है. मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है. लाहौल स्पीति एसपी शिवानी महला ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हताहतों के बारे में पूरी जानकारी दी जा सकेगी.
सड़क खुलते ही रवाना हुए थे यात्री
जानकारी के अनुसार, उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था. इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे. शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक चट्टान का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई.
इसे भी पढ़ें: नागालैंड में भीषण लैंडस्लाइड… मलबे की चपेट में आए घर, 4 की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
इसे भी पढ़ें: कैमरे में कैद हुआ कुदरत का कहर, हिमाचल में ताश के पत्तों की तरह ढही मकान की दीवार; देखें ये वीडियो





