
Janmashtami 2026: जन्माष्टमी 4 सितंबर 2026 को है. जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप यानी लड्डू गोपाल को घर लाने की परंपरा कई परिवारों में देखने को मिलती है. वैसे अधिकतर घरों में बाल गोपाल विराजमान होते ही हैं. कुछ भक्त लड्डू गोपाल को केवल भगवान की प्रतिमा नहीं, बल्कि परिवार के छोटे सदस्य के रूप में मानकर उनकी सेवा करते हैं.
लेकिन आज की व्यस्त जिंदगी में बहुत से लोग सुबह ऑफिस चले जाते हैं और देर शाम घर लौटते हैं. ऐसे में जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को घर लाने से पहले यह सवाल जरूर उठता है कि क्या ऑफिस जाने वाले लोग बाल गोपाल की स्थापना कर सकते हैं? अगर सुबह से शाम तक घर बंद रहता है तो उनकी सेवा कैसे करें?
लड्डू गोपाल की सेवा में जरुरी कार्य
लड्डू गोपाल की सेवा को परंपरा में नियमितता और वात्सल्य भाव से जोड़ा गया है. बाल स्वरूप होने के कारण उनकी सेवा में जगाना, स्नान कराना, स्वच्छ वस्त्र पहनाना, भोग लगाना और शयन कराना जैसी सेवाएं शामिल मानी जाती हैं.
ऑफिस जाने वाले लोग भी घर में लड्डू गोपाल रख सकते हैं. बस इसके लिए अपनी दिनचर्या के अनुसार सेवा का सरल और नियमित क्रम बनाना जरूरी है.
सुबह ऑफिस जाने से पहले ऐसे करें बाल गोपाल की सेवा
- अगर ऑफिस का समय सुबह जल्दी है तो उठकर स्नान आदि के बाद सबसे पहले भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करें.
- लड्डू गोपाल को स्नान कराएं, स्वच्छ वस्त्र पहनाएं, तिलक लगाएं और सात्विक भोग अर्पित करें.
- इसके बाद भगवान को प्रणाम करके दिनभर के लिए उनकी कृपा की प्रार्थना करें. अगर किसी दिन लंबी पूजा का समय न मिल पाए तो कम से कम श्रद्धापूर्वक भोग और प्रार्थना जरूर करें.
घर बंद करके लड्डू गोपाल को अकेला छोड़ना ठीक है?
यह विषय अलग-अलग वैष्णव और पारिवारिक परंपराओं में अलग तरीके से देखा जाता है. कई गृह सेवा परंपराओं में बाल गोपाल को बालक के समान मानकर उनकी नियमित देखभाल पर जोर दिया जाता है. इसलिए यदि सुबह से शाम तक घर में कोई नहीं रहता तो प्रतिमा घर लाने से पहले सेवा की पूरी व्यवस्था पर विचार करना चाहिए.
खासकर जन्माष्टमी के उत्साह में केवल इसलिए लड्डू गोपाल न लाएं कि त्योहार पर स्थापना करनी है. यदि नियमित भोग, सेवा और शयन की व्यवस्था लंबे समय तक नहीं निभा सकते तो पहले परिवार के किसी सदस्य की जिम्मेदारी तय करें.
जन्माष्टमी के बाद कैसे बनाएं सेवा की दिनचर्या ?
जन्माष्टमी की रात विशेष पूजा करने के बाद अगले दिन से लड्डू गोपाल की सेवा नियमित हो जाती है. अगर परिवार में कोई सदस्य दिन के समय घर पर रहता है तो वह भोग आदि की व्यवस्था कर सकता है. वहीं शाम को ऑफिस से लौटने के बाद भक्त आरती, भोग और शयन सेवा कर सकते हैं. सेवा आपकी क्षमता और परंपरा के अनुसार नियमित और श्रद्धापूर्वक होना चाहिए. बाल गोपाल की सेवा में दिखावा नहीं बल्कि स्वच्छा और श्रद्धा भाव जरुरी है.
रक्षाबंधन पर राशि अनुसार भाई के लिए चुने राखी का रंग, देखें क्या मिलते हैं लाभ
Disclaimer:यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

