
मध्य प्रदेश के सागर जिले में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आपचंद गुफा के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पिकनिक और घूमने पहुंचे सागर शहर के 9 युवक-युवतियां अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच में बने एक टापू पर फंस गए. सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस और SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और देर रात सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
जानकारी के अनुसार, सागर शहर से युवक-युवतियों का एक दल सानौधा थाना क्षेत्र स्थित आपचंद गुफा घूमने पहुंचा था. इस दौरान नदी के पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा. युवक-युवतियां संभल पाते, इससे पहले चारों ओर पानी भर गया और सभी नदी के बीच स्थित टापू पर फंस गए.
यह भी पढ़ें- कटनी CSP के 15 लाख की मांग पर FIR दर्ज, हुईं सस्पेंड; ऑफिस भी सील
अंधेरा और तेज बहाव बना चुनौती
घटना की सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रात का अंधेरा और नदी का तेज बहाव बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बन गया. स्थानीय स्तर पर सभी को सुरक्षित निकालना मुश्किल होने पर SDRF की टीम को तत्काल बुलाया गया.
बोट से एक-एक कर निकाले गए सभी लोग
SDRF की टीम ने रेस्क्यू बोट और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने नदी के टापू पर फंसे सभी 9 युवक-युवतियों को एक-एक कर सुरक्षित किनारे पहुंचाया. रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद सभी ने राहत की सांस ली.
पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से बचाव अभियान की जानकारी ली और राहत कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए. समय रहते पुलिस और SDRF की टीम के सक्रिय होने से बड़ी अनहोनी टल गई. रेस्क्यू किए गए सभी 9 युवक-युवतियां सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- छतरपुर में एक ही परिवार की 3 बच्चियों की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप