
हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला के चमियाणा स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (AIMSS) में अत्याधुनिक थ्री-टेस्ला एमआरआई (3-Tesla MRI) मशीन का शुभारंभ किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य ढांचे के आधुनिकीकरण, रोबोटिक सर्जरी और ऑटोमेशन लैब जैसी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.
करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह थ्री-टेस्ला एमआरआई मशीन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस है. मुख्यमंत्री ने बताया कि ऐसी आधुनिक मशीन वर्तमान में एम्स (AIIMS) दिल्ली में ही उपलब्ध है. एक सप्ताह से अधिक के सफल ट्रायल के बाद इसे मरीजों के लिए शुरू कर दिया गया है. इससे विशेष रूप से न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और ऑन्कोलॉजी जैसे सुपर स्पेशलिटी विभागों के मरीजों को त्वरित और सटीक जांच की सुविधा मिलेगी.
मात्र 50 हजार रुपये में होगी रोबोटिक सर्जरी
चमियाणा अस्पताल को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है. सीएम सुक्खू ने बताया कि राज्य में महंगी रोबोटिक सर्जरी को आम लोगों की पहुंच में लाया गया है. मात्र 50,000 रुपये में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिल रही है. इस पर सरकार 65,000 रुपये की सब्सिडी दे रही है. यह सुविधा 1.15 लाख रुपये में उपलब्ध है. (निजी अस्पतालों में इसी सर्जरी का खर्च 5 लाख रुपये तक आता है.)
125 करोड़ रुपये से 5 अस्पतालों में बनेंगी ‘ऑटोमेशन लैब’
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. अगले 3 महीनों के भीतर प्रदेश के 5 प्रमुख अस्पतालों में ऑटोमेशन लैब स्थापित की जाएंगी, जिन पर करीब 125 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इन लैब्स में जांचें अत्यधिक सटीकता और कम समय में होंगी. ये लैब निम्नलिखित अस्पतालों में बनेंगी:
- चमियाणा (शिमला)
- आईजीएमसी (शिमला)
- नेरचौक (मंडी)
- टांडा मेडिकल कॉलेज
- मेडिकल कॉलेज हमीरपुर
मानसून को लेकर सीएम का बयान: “पर्यटक निश्चिंत होकर आएं”
मानसून के दौरान प्रदेश में हुई भारी बारिश का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो दिनों में बारिश से प्रदेश को नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अधिकांश क्षेत्रों में हालात सामान्य हैं.
अगले सप्ताह सरकार मानसून से उत्पन्न चुनौतियों, आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों की रणनीति को लेकर एक अहम बैठक करेगी. मुख्यमंत्री ने पर्यटकों का हिमाचल में स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश आने वाले पर्यटक निश्चिंत होकर यहां आएं और सुरक्षित रहकर प्राकृतिक सौंदर्य तथा मौसम का आनंद लें.
Shimla News: हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS और 22 HPAS अधिकारियों का तबादला
