खबर

‘वो नजरें फेर लेते हैं, आंखें मिलाने से बचते हैं’.. पीएम मोदी से मुलाकात पर सोनिया गांधी | Sonia Gandhi explains why she could never have an open heart-to-heart conversation with PM Modi


नई दिल्‍ली:

सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया है. कांग्रेस की पूर्व अध्‍यक्ष ने बताया है कि जब-जब वह प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं, तो वे सिर्फ औपचारिक मुलाकातें ही साबित हुईं. सोनिया गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका ‘व्यावहारिक रूप से कभी कोई वास्तविक संपर्क’ नहीं रहा है और जब भी दोनों आमने-सामने होते हैं, तो पीएम मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं. उनका यह भी कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी भारत को लेकर अपने दृष्टिकोण के लिए संघर्ष कर रहे हैं और वह अपने दृष्टिकोण के लिए आगे बढ़ रही हैं. 

हालांकि, सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में यह भी कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने निश्चित रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के भीतर एक वंचित पृष्ठभूमि से उठकर सत्ता तक का सफर तय किया है, लेकिन उनकी शुरुआती जिंदगी शायद उतनी साधारण नहीं रही होगी, जितनी उनके प्रचार दल ने उनकी छवि गढ़ते हुए पेश की है. 

“नजरें फेर लेते हैं और आंखें मिलाने से बचते हैं”

सोनिया गांधी ने बुक में लिखा, “नरेन्द्र दामोदरदास मोदी को प्रधानमंत्री बने 12 साल से अधिक हो चुके हैं और यह उनका तीसरा कार्यकाल है. इसके बावजूद आज तक मेरा उनसे व्यावहारिक रूप से कोई वास्तविक संपर्क नहीं रहा है. हमारी मुलाकात अर्ध-आधिकारिक कार्यक्रमों में होती है. उदाहरण के लिए, संसद के हर सत्र के खत्‍म होने पर, जब प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता परंपरागत रूप से लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में एकत्र होते हैं. वह बहुत छोटा कमरा है और आमतौर पर वहां कई लोग मौजूद होते हैं, लेकिन जब मोदी मेरे सामने आते हैं, तो हम औपचारिक रूप से नमस्ते करते हैं. पहले ऐसा नहीं था. उस समय अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता भी एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते थे. वह नजरें फेर लेते हैं और आंखें मिलाने से बचते हैं.”

Latest and Breaking News on NDTV

जब PM मोदी पूछा था- “ठीक हैं आप?”

किताब के अनुसार, जब सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती रहने के बाद लौटीं, तो कुछ मौकों पर मोदी ने उनसे पूछा, ‘ठीक हैं आप?’ इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘जी, अब मैं ठीक हूं, धन्यवाद.’ सोनिया गांधी ने लिखा, “इस तरह की छोटी बातचीत के अलावा हमारी कभी वास्तव में कोई बातचीत नहीं हुई. हालांकि, वर्षों के दौरान हमने एक-दूसरे को जन्मदिन और नववर्ष की औपचारिक शुभकामनाएं दी हैं.”

PM मोदी की सोच उनकी सोच से बिल्कुल अलग

सोनिया गांधी ने किताब में वो वजह भी बताई है कि क्‍यों नरेंद्र मोदी और उनकी सोच मेल नहीं खाती. कांग्रेस नेता ने स्वीकार किया कि दोनों अलग-अलग वैचारिक पृष्ठभूमि से आते हैं और देश को लेकर मोदी की सोच उनकी सोच से बिल्कुल अलग है. सोनिया ने लिखा, “भारत के बारे में मैंने जो कुछ भी सीखा, वह अपने परिवार के सदस्यों, उनके सेवाभाव और ऐसे राष्ट्र में उनके विश्वास से सीखा, जिसमें अनेक नस्लों, संस्कृतियों और भाषाओं के लोगों के लिए जगह हो तथा जो सभी के लिए स्वतंत्रता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित हो. नरेन्द्र मोदी का भारत संबंधी दृष्टिकोण आरएसएस के विचारकों और उनके अपने बचपन के अनुभवों से निर्मित हुआ. इसमें एक ऐसी कट्टरता की झलक है, जिसमें उनका धर्म और संस्कृति अन्य सभी से ऊपर है.”

सोनिया गांधी ने लिखा, “वह अपने भारत के दृष्टिकोण के लिए संघर्ष कर रहे हैं और मैं अपने दृष्टिकोण के लिए. मेरा भारत वर्चस्व के खिलाफ, समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के पक्ष में खड़ा है. यह व्यक्तिगत मामला नहीं है.” 

मोदी की पृष्ठभूमि शायद उतनी साधारण नहीं रही…

सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी का राजनीति में आने का रास्ता उनके अपने राजनीतिक सफर से बिल्कुल अलग है. उन्होंने लिखा, “हालांकि, अपने समय के सत्ताधारी अभिजात वर्ग को लेकर उनकी असहजता के कुछ पहलुओं को मैं भी अच्छी तरह समझ सकती थी. दिल्ली के किसी ड्राइंग रूम में राजनीतिक चर्चा के दौरान मैं अक्सर खुद को असहज महसूस करती थी. वहां व्यक्त किए जाने वाले विचार भारत की वास्तविकता से बहुत दूर होते थे. अपने निर्वाचन क्षेत्र में और देशभर की यात्राओं के दौरान मैंने लोगों का जो दुख-दर्द और जीवनयापन के लिए उनका संघर्ष देखा था, वह इस विशेषाधिकार प्राप्त वर्ग की कल्पना से परे था.”

ये भी पढ़ें:- PM बनना चाहते थे प्रणब मुखर्जी, कहा था- ‘टॉप पर बदलाव का समय आ गया है’… सोनिया ने आत्मकथा में लिखा वाकया

सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी की पृष्ठभूमि शायद उतनी साधारण नहीं रही होगी, जितनी उनके प्रचार दल ने उनकी छवि बनाते हुए बताई है, लेकिन उन्होंने आरएसएस के भीतर एक वंचित दुनिया से उठकर निश्चित रूप से सत्ता तक अपना रास्ता बनाया. उन्होंने पुस्तक में लिखा, “संसद में बोलते समय मोदी कई बार उसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिसका इस्तेमाल वह सार्वजनिक रैलियों में करते हैं. अधिकतर समय वह विपक्ष का मजाक उड़ाते हैं और उनके भाषणों को किसी भी तरह से तीखी लताड़ ही कहा जा सकता है. देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू उनकी पार्टी की शत्रुता का खास निशाना हैं, क्योंकि नेहरू ने भारत को लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष रास्ते पर आगे बढ़ाया था.”

ये भी पढ़ें:- “न राहुल तैयार थे न प्रियंका”, मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री बनने और सोनिया गांधी के पद छोड़ने का किस्‍सा





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button