
करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला उजागर होने के बाद से हड़कंप मच गया है. राम मंदिर के चढ़ावे में गबन के आरोप लगने के बाद से ही विपक्ष लगातार हमलावर है और साधु-संत दोषियों को सजा देने की मांग कर रहे हैं. इस बीच छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा है कि चढ़ावा चोरी ने सनातन का नुकसान किया है. दान चोरी करने वालों को दंड मिलेगा.
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आगे कहा, “रावण ने माता जानकी का हरण किया था तो उसका समूल वंश नाश हुआ था. आज लाखों करोड़ों लोगों की श्रद्धा के केंद्र के साथ खिलवाड़ किया गया है. जिन्होंने पाप किया उन्हें महादंड मिलेगा.”
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सलाह, किसे मिले राम मंदिर की जिम्मेदारी
बागेश्वर धाम सरकार का कहना है, “भगवान के यहां पर रहकर जो भगवान से भयभीत नहीं हुआ और ऐसा कुकृत्य किया, निश्चित है वो महादंड पाएगा. सभी मंदिर और संतों पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है. इसलिए राम मंदिर की इस घटना के बाद सनातन वैष्ण परंपरा, संत परंपरा, भगवान के प्रति पूर्ण समर्पित लोगों को ही भगवान के मंदिर की सेवा का कार्य मिलना चाहिए.”
मुसलमानों पर फिर दिया बयान
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बार फिर मुस्लिम समुदाय पर बयान दिया. उन्होंने कहा, “भारत के मुसलमानों को इंडोनेशिया जाना चाहिए. देखना चाहिए जो 5 वक्त की नमाज पढ़ते हैं वो दिवाली भी मनाते हैं और कथा भी सुनते हैं.” वहीं, लव जिहाद मामले पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि संस्कारों के संरक्षण की जरूरत है. कोई हमको परिवर्तित कर पाए तो उसका स्वागत है.
मायावती की भी कड़ी प्रतिक्रिया
बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख और यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी, गबन और हेराफेरी की खबरों को अति गंभीर और चिंतनीय बताया. उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों को बख्शा न जाए. हालांकि, उन्होंने यह बात भी रखी कि मामले का राजनीतिकरण करना ठीक नहीं है. उन्होंने यह भी उम्मीद की कि मंदिर में श्रद्धा के चढ़ावे आदि में आगे कोई भी शिकायत ना आए.