
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच आज भी सरकार के कामकाज का मार्गदर्शन कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी के फैसलों ने देश के लोकतंत्र और विकास को नई दिशा दी.
सीएम सुक्खू ने भाजपा के बदले की भावना से कार्रवाई करने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार का मकसद प्रदेश के संसाधनों और जनता के हितों की रक्षा करना है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई किसी राजनीतिक पहचान को देखकर नहीं की जाएगी.
यह भी पढ़ें- मंडी के हणोगी टनल में दो ट्रकों के बीच भिड़ंत, 3 लोगों की मौत; 8 घायल
राजीव गांधी के फैसलों को बताया ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी ने मतदान की उम्र 21 साल से घटाकर 18 साल की, जिससे युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ी. उन्होंने स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सुक्खू ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी करीब 54 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है.
68 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 68 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं. इन स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. स्कूलों में शिक्षा के साथ पौष्टिक भोजन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
प्राकृतिक खेती योजना से किसानों को फायदा: CM
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार की राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना किसानों की आय बढ़ाने में मदद कर रही है. उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को गेहूं के लिए 80 रुपये प्रति किलो, मक्की के लिए 50 रुपये प्रति किलो और अदरक-हल्दी के लिए भी बेहतर दाम दिए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में उत्तर भारत की पहली प्राकृतिक खेती टेस्टिंग लैब स्थापित की गई है, जहां कृषि उत्पादों की वैज्ञानिक जांच होगी.
पेपर लीक पर बोले- हमारी सरकार में कोई मामला नहीं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर कहा कि उनकी सरकार ने पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर में अनियमितताओं के बाद उसे भंग किया गया और दोषियों को जेल भेजा गया. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों में पेपर लीक का कोई मामला सामने नहीं आया है. भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों को मेरिट में शामिल किया जा रहा है.
विपक्ष को दी सदन में बहस की चुनौती
सीएम सुक्खू ने भाजपा पर सदन से बाहर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को तथ्यों के साथ विधानसभा में आना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही व्हाइट पेपर के जरिए कई मामलों से जुड़े तथ्य जनता के सामने रखेगी. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि आलोचना जरूर होनी चाहिए, लेकिन रिपोर्टिंग तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें- सिरमौर: बागनाधार खदान धंसी, एक शव बरामद, 2 नेपाली मजदूर लापता