
उत्तराखंड के मसूरी की खूबसूरत वादियों में स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी ने प्रशासनिक प्रशिक्षण के साथ-साथ कई अधिकारियों को उनका जीवनसाथी भी दिया है. भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो IAS अधिकारियों की यह प्रेम कहानी बेहद दिलचस्प है, जिसमें UPSC की सिविल सेवा परीक्षा 2017 में 50वीं और 51वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल करने वाले आईएएस एक-दूसरे को दिल दे बैठे.
वर्ष 2018 बैच की इस IAS जोड़ी की लव स्टोरी में नया मोड़ तब आया, जब महिला अधिकारी ने विवाह के आधार पर अपना कैडर बदलकर छत्तीसगढ़ करवा लिया और इसके बाद आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं के रूप में छत्तीसगढ़ को सबसे युवा जिला कलेक्टर भी मिलीं.

youngest collector love story IAS Pratishtha Mamgain sambit mishra chhattisgarh
IAS प्रतिष्ठा ममगाईं यंगेस्ट जिला कलेक्टर बेमेतरा छत्तीसगढ़
इन दिनों सोशल मीडिया पर आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं को छत्तीसगढ़ की सबसे युवा जिला कलेक्टर बताया जा रहा है. जब इस दावे की पड़ताल शुरू की गई, तो न केवल आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं की सफलता की कहानी, बल्कि उनकी और उनके ही बैचमेट आईएएस संबित मिश्रा की यह अनूठी प्रेम कहानी भी सामने आई.
सबसे पहले बात करते हैं प्रतिष्ठा ममगाईं को छत्तीसगढ़ में सबसे कम उम्र की जिला कलेक्टर बनने का गौरव हासिल होने की. 2018 बैच की आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं बेमेतरा जिला कलेक्टर के पद पर दिसंबर 2025 से सेवाएं दे रही हैं. वर्तमान में छत्तीसगढ़ कैडर के सभी जिला कलेक्टरों में सबसे कम उम्र आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं की है. 13 अगस्त 1995 को जन्मीं प्रतिष्ठा ममगाईं की उम्र वर्ष 2026 में 31 साल है.

youngest collector love story IAS Pratishtha Mamgain sambit mishra chhattisgarh
दिल्ली से UPSC टॉपर बनने से लेकर LBSNAA तक का सफर
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा की 12वीं जिला कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहीं आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं. उन्होंने अपनी स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई दिल्ली से पूरी की है और उनके पास कला स्नातक की डिग्री है. संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2017 में अपने पहले ही प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया लेवल पर 50वीं रैंक हासिल की और भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी बनीं.
यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद प्रतिष्ठा ममगाईं आईएएस की ट्रेनिंग के लिए लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी पहुंचीं. वहीं दूसरी ओर, ओडिशा के रहने वाले संबित मिश्रा ने UPSC CSE में ऑल इंडिया लेवल पर 51वीं रैंक लाकर LBSNAA में प्रवेश लिया. दोनों की रैंक एक के पीछे एक 50 और 51 होने के कारण संभवतः प्रशिक्षण के दौरान पहले दोस्ती हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई.

youngest collector love story IAS Pratishtha Mamgain sambit mishra chhattisgarh
प्रतिष्ठा ममगाईं का आंध्र प्रदेश से छत्तीसगढ़ कैडर ट्रांसफर
LBSNAA में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद प्रतिष्ठा ममगाईं को आंध्र प्रदेश कैडर और संबित मिश्रा को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ. दोनों अपने-अपने कैडर में सेवाएं देते रहे और बाद में उन्होंने शादी कर ली. संबित मिश्रा से विवाह के आधार पर प्रतिष्ठा ममगाईं का स्थानांतरण 28 मई 2021 को आंध्र प्रदेश कैडर से बदलकर छत्तीसगढ़ कैडर में कर दिया गया.
आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं का सर्विस रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़ कैडर में आने के बाद आईएएस प्रतिष्ठा ममगाईं को रायगढ़ जिले में सहायक कलेक्टर के पद पर पहली फील्ड पोस्टिंग मिली. इसके बाद वे बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बलौदाबाजार अनुविभाग की एसडीएम बनीं. फिर वे सरगुजा जिले के अंबिकापुर में नगर निगम आयुक्त रहीं और अपर कलेक्टर का प्रभार भी संभाला. यहां से उनका तबादला कोरबी नगर निगम आयुक्त के पद पर हुआ और इसके बाद वे पहली बार नारायणपुर की जिला कलेक्टर बनीं. फिर ट्रांसफर होकर जब वे बेमेतरा पहुंचीं, तो उन्हें छत्तीसगढ़ की सबसे कम उम्र की जिला कलेक्टर बनने का गौरव हासिल हुआ.

IAS sambit mishra chhattisgarh
आईएएस संबित मिश्रा: 7 KM पैदल चलकर नक्सल प्रभावित गांव पहुंचे
आईएएस संबित मिश्रा का जन्म 11 मार्च 1991 को ओडिशा में हुआ था. बीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और सफलता प्राप्त कर पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस बने. छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित क्षेत्र ‘अबूझमाड़’ में पदस्थापना के दौरान वे 7 किलोमीटर पैदल चलकर उस सुदूर गांव तक पहुंचे, जहां आजादी के बाद से आज तक कोई भी जिला कलेक्टर नहीं पहुंचा था. वे बीजापुर जिले के जिला कलेक्टर भी रहे. वर्तमान में आईएएस संबित मिश्रा रायपुर नगर निगम आयुक्त के पद पर पदस्थ हैं. इससे पूर्व वे रायगढ़ जिले के सहायक कलेक्टर, रायगढ़ के धर्मजयगढ़ अनुभाग में डिप्टी कलेक्टर तथा जशपुर और कोरबा जिलों में जिला पंचायत सीईओ के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
यह भी पढ़ें- IAS अपूर्वा पाण्डे का परिवार ‘सरकारी नौकरियों की खान’, 15 सदस्यों में से कौन किस पद पर?





