
मध्य प्रदेश के मैहर में रविवार (15 नवंबर) रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर भीषण सड़क हादसा हो गया. जबलपुर से घूमकर सिंगरौली लौट रहे तीन युवकों की तेज रफ्तार वरना कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई. इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई. हादसे में तीनों युवक घायल हो गए, जबकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
जानकारी के मुताबिक, वरना कार (MP66 ZC 4783) में तीन युवक सवार थे. तीनों जबलपुर घूमने के बाद अपने घर बैढ़न, सिंगरौली लौट रहे थे. रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे जब उनकी कार मैहर में सिमरन सरोवर होटल के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी.
छिंदवाड़ा में लोकायुक्त की बड़ी रेड, वन अधिकारी के पास मिली 7.60 करोड़ की संपत्ति
टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती रही. इसी बीच कार में आग लग गई. आग की लपटें उठती देख टैंकर चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया. गनीमत रही कि कार में आग फैलने से पहले तीनों युवक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे.
पुलिस और दमकल की टीम ने बुझाई आग
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी.
इस दौरान युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ वहां से गुजर रहे थे. हादसा देखकर वे रुके और पुलिस व दमकल की टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया. बाद में दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया.
छतरपुर में तनाव! धीरेंद्र शास्त्री और यादव महासभा के समर्थक आमने-सामने, पुलिस बल तैनात
तीनों घायलों का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल युवकों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), आशीष कुमार पांडेय (40) और शिवेंद्र पांडेय (32) के रूप में हुई है. तीनों सिंगरौली जिले के बैढ़न के रहने वाले हैं.
कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, तीनों घायलों को इलाज के लिए मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उनका उपचार जारी है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवा दिया है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है.
