खबर

महाराष्ट्र MLC चुनाव : RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने पलटी बाजी; पुणे, अमरावती में कौन जीता | Maharashtra MLC Election Result 2026 Nagpur Graduate Constituency Abhijeet Wanjari Congress wins RSS Home BJP Mahayuti vs MVA Pune Amravati



महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम सबसे अधिक चर्चा में रहा, जहां कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले को कड़े मुकाबले में पराजित कर सीट पर कब्जा बरकरार रखा. मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई थी और गुरुवार तड़के जाकर पूरी हुई. खास बात यह रही कि नागपुर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है. ऐसे में इस सीट पर भाजपा की हार को विपक्ष महाविकास आघाड़ी की बड़ी सफलता के रूप में देख रहा है.

नागपुर में रोमांचक मुकाबले के बाद कांग्रेस की जीत, दूसरे राउंड तक BJP थी आगे

महाराष्ट्र विधान परिषद के नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के अभिजीत वंजारी को विजयी घोषित किया गया है. मतगणना के बाद वंजारी को कुल 67,231 मत मिले, जबकि कोहले को 63,960 मत प्राप्त हुए.

पहली वरीयता के मतों की दो चरणों में हुई गणना के दौरान किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए निर्धारित 75,438 मतों का कोटा नहीं मिल पाया. इसके बाद चुनाव प्रक्रिया के नियमानुसार दूसरी वरीयता के मतों की गणना और उम्मीदवारों को बाहर करने की प्रक्रिया अपनाई गई.

मतगणना के दूसरे चरण तक भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले बढ़त बनाए हुए थे. दूसरे राउंड के बाद कोहले के खाते में 60,924 वोट थे, जबकि अभिजीत वंजारी को 56,630 वोट मिले थे. निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट प्राप्त हुए. कुल 1,65,906 मतों में से 15,032 मत अवैध घोषित किए गए, जबकि 1,50,874 मत वैध पाए गए. दूसरी वरीयता के मतों की प्रक्रिया के बाद भी कोई उम्मीदवार निर्धारित कोटा हासिल नहीं कर सका. ऐसी स्थिति में पहली और दूसरी वरीयता की गणना के बाद सर्वाधिक 67,231 मत प्राप्त करने वाले कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी को विजयी घोषित किया गया.

फडणवीस और गडकरी के गढ़ में BJP को झटका

नागपुर सीट का राजनीतिक महत्व इसलिए भी अधिक माना जाता है क्योंकि यह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह क्षेत्र है. चुनाव प्रचार के दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले के समर्थन में व्यापक प्रचार किया था. इसके बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार की जीत को महाविकास आघाड़ी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मान रही है. नागपुर स्नातक सीट का प्रतिनिधित्व लंबे समय तक नितिन गडकरी भी विधान परिषद सदस्य के रूप में कर चुके हैं.

पांच सीटों में महायुति और MVA के बीच मुकाबला

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव में महायुति को दो सीटों पर सफलता मिली, जबकि महाविकास आघाड़ी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की. अब तक घोषित परिणामों के अनुसार:

  • पुणे स्नातक सीट – हर्षदा जाधव-देशमुख (एनसीपी-एसपी) विजयी
  • पुणे शिक्षक सीट – कौस्तुभ गावड़े (भाजपा) विजयी
  • अमरावती शिक्षक सीट – किरण सरनाईक (शिवसेना-शिंदे गुट) विजयी
  • मराठवाड़ा स्नातक सीट – डॉ. प्रताप पाटिल (एनसीपी-एसपी) विजयी
  • नागपुर स्नातक सीट – अभिजीत वंजारी (कांग्रेस) विजयी

कांग्रेस नेता ने कहा- भ्रम का गुब्बारा फूटा; नफरत की हुई हार

कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि मोदी-फडणवीस के भ्रम का गुब्बारा फूटा. विधान परिषद चुनाव में महाविकास आघाड़ी (MVA) की 3 सीटों पर शानदार जीत. नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार को करारी शिकस्त दी है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुख्यालय और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के शहर नागपुर में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भाजपा को हराया है.

विधान परिषद की पांच सीटों में से महाविकास आघाड़ी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा और महायुति को करारी शिकस्त दी है. भाजपा के पास सत्ता, पैसा और पूरी ताकत होने के बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने उतावले हैं कि नतीजे आने से पहले ही उन्होंने कांग्रेस को ‘जीरो’ बताकर उसका मजाक उड़ाया था. लेकिन चुनाव परिणामों ने उनके भ्रम का गुब्बारा फोड़ दिया है.

वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा भाजपा व आरएसएस की नफरत और अहंकार की राजनीति की हार हुई. आरएसएस के गढ़ नागपुर में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत कांग्रेस की विचारधारा की जीत है. RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस की जीत ने भाजपा और संघ के अहंकार को करारा जवाब दिया है. कांग्रेस के नवनिर्वाचित MLC भाई अभिजीत वंजारी जी को ऐतिहासिक जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. नफ़रत और अहंकार की राजनीति के सामने कांग्रेस की विचारधारा मजबूती से खड़ी है.

यह भी पढ़ें : कौन हैं अभिजीत वंजारी, बीजेपी को RSS के गढ़ नागपुर में हराया, MLC चुनाव में कांग्रेस से हटाया ‘जीरो का टैग’




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button