
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के नेशनल हाईवे-45 पर एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है. यह मामला सुआतला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित हाथी नाला पिकनिक स्पॉट के पास का है. इंदिरा नगर के पास सड़क किनारे 7 से 8 खड़े लोगों को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया. हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
सभी घायलों का जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है.
दतिया उपचुनाव: BJP नेताओं पर एक और FIR, अब ‘जबरन बाजार बंद’ कराने का आरोप
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे. वापस लौटते समय अपनी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर सेल्फी ले रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर सभी युवकों को रौंद दिया. हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. आसपास खड़े लोगों ने तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने शुरू की आगे की जांच
संदीप भूरिया ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, “NH-45 पर यह हादसा करीब 5-6 बजे के बीच की है. हादसे के बाद मौके पर एक शख्स की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. लगभग 7-8 लोग सड़क किनारे खड़े थे. ये सभी जबलपुर के निवासी थे. अभी मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. आगे की कार्रवाई जारी है.”
इस मामले में पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी मामले को लेकर पूछताछ की. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह मानी जा रही है. हालांकि, पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.