
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के बाद जेन-जी छात्रों पर भड़कीं कंगना रनौत ने उन्हें ‘गटर छाप’ तक बुला दिया था, जिसके बाद से सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में काफी बवाल मचा. उनका कहना था कि जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के वीडियो देखकर उबकाई आती है. उन्हें उस भीड़ को ‘कचरा, भद्देपन का प्रदर्शन और अभद्र’ बताया था. काफी ट्रोलिंग के बाद अब कंगना रनौत ने एक और वीडियो शेयर कर अपनी सफाई पेश की है.
इंस्टाग्राम पर रील फॉर्मेट में वीडियो बनाकर कंगना ने कहा कि उन्होंने ‘कुछ’ प्रोटेस्टर्स को ‘गटरछाप’ बताया था क्योंकि वो सड़कों पर अनैतिक और अश्लील बर्ताव कर रहे थे. कंगना का कहना है, “मैंने इस गंदे बिहेवियर को सामान्य बनाने से मना किया था और यह कहा था कि मेरा समाज ऐसी चीजों को स्वीकार नहीं करेगा. हम लोग नहीं चाहते कि हमारे घर के बच्चे ये सब सीखें और हमारे घर के बुजुर्गों के सामने हमें शर्मिंदगी महसूस कराएं. हम इसे नॉर्मलाइज नहीं होने देंगे.”
यह भी पढ़ें: ‘गटर छाप’ पर विक्रमादित्य सिंह बोले- PM तो फ्रेंड्स कहते हैं
‘मैंने कई बार जेन-जी की तारीफ भी की थी’
अब कंगना का कहना है, “मेरे यह कहने पर अब मीडिया मेरे खिलाफ गैंगअप कर रही है. वह यह नहीं बताएगी कि मैंने स्काईरूट जैसे स्टार्टअप की बहुत तारीफ भी की थी. जेन-जी हमें इतनी ऊंचाइयों पर लेकर जा रहा है. नीट के छात्रों को मैंने खुद कितनी बधाई दी. ऐसे बच्चे जो अपने परिवार की जिम्मेदारियां उठा रहे हैं, हमारी टीम और घरों में भी ऐसे जेन-जी बच्चे हैं, भाई बहन हैं जो हमारे कई काम संपन्न करते हैं. मैंने सबके लिए ऐसा नहीं कहा था.”
‘आपकी आजादी वहां खत्म हो जाती है, जहां मेरे कान शुरू हों’
मीडिया वालों पर भड़के हुए कंगना रनौत ने कहा कि कुछ नारीवादी लोग पूरे-पूरे बुलेटिन कर के मुझे सिखा रहे हैं कि कंगना महिलाओं पर प्रतिष्ठित होने का इतना बोझ क्यों डाला जा रहा है. मिलेनियल महिलाओं पर पहले ही इसका काफी बोझ था. अब हम जेन-जी पर भी यह प्रेशर क्यों दे रहे हैं? कंगना ने आगे कहा, “क्या आप अपनी बेटी को भी यही सब सिखाएंगे? डिसिप्लिन या मर्यादा में रहना कोई चॉइस नहीं है. भौंडा प्रदर्शन तो हर कोई करना चाहेगा, लेकिन अगर आपको समाज में रहना है और संविधान के हिसाब से चलना पड़ेगा.”
कंगना ने आगे कहा, “आपकी आजादी वहां खत्म हो जाती है जहां मेरे नाक और कान शुरू होते हैं. तो आप भौंडापन केवल अपने कमरे में कर सकते हैं. बाहर आकर सड़कों पर नहीं.”
यह भी पढ़ें: ‘गटर छाप’ लड़कियां, शराब पीती हैं, मां-बाप की कमाई खाती हैं’, यंग हिंदू गर्ल्स पर कंगना रनौत का विवादित बयान