

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को रुक-रुककर भारी बारिश हुई. बारिश के बाद कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिली. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. हर साल की तरह गुरुग्राम का सबसे बुरा हाल रहा. घंटेभर की बारिश के बाद ही शहर के कई रास्तों और इलाके पानी-पानी हो गए. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने लोगों से वर्क फ्रॉम होम यानी घर से ही काम करने के लिए कहा है.
गुरुग्राम पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
गुरुग्राम पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा, गुरुग्राम में लगातार हो रही और आगामी भारी वर्षा को देखते हुए, शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होने की प्रबल संभावना है. नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनावश्यक यातायात के दबाव को कम करने और सड़क प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए, गुरुग्राम पुलिस यह सावधानी परामर्श जारी करती है.
*परामर्श: यातायात और मौसम संबंधी स्थिति*
दिनांक: 7 जुलाई, 2026
*विषय: गुरुग्राम में अत्यधिक वर्षा के कारण कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) हेतु परामर्श।*
गुरुग्राम में लगातार हो रही और आगामी भारी वर्षा को देखते हुए, शहर की मुख्य सड़कों और…
— Gurugram Police (@gurgaonpolice) July 7, 2026
गुरुग्राम पुलिस ने आगे कहा कि हम कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से पुरजोर आग्रह करते हैं कि वे अगले कुछ दिनों के लिए अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) की सुविधा प्रदान करें. अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होने से हमारे ट्रैफिक प्रबंधन दलों को यातायात सुचारू रखने और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रूप से चालू रखने में बहुत मदद मिलेगी.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार,कल भी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने इसके लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है. वहीं 9 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा. 10 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है. इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है. इसके बाद 11 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार इस दिन आमतौर पर बादल छाए रहेंगे.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-नोएडा से लेकर राजस्थान तक भारी बारिश, मॉनसून खूब बरसेगा, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट





