खबर

भाजपा में अमित मालवीय की जगह लेने वाले दीपक म्हस्के ने NDTV से बताया क्या होगा उनका एजेंडा | deepak maheshke new bjp social media head amit malviya successor bjp national team 2026 roopkumari choudhary


भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को बड़ी जिम्मेदारियां मिलने के बाद प्रदेश भाजपा में उत्साह का माहौल है. महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है, जबकि पार्टी की डिजिटल रणनीति और सोशल मीडिया की कमान अब दीपक म्हस्के के हाथों में होगी. अमित मालवीय की जगह राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाए गए दीपक म्हस्के ने एनडीटीवी से बातचीत में अपने एजेंडे को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में फेक न्यूज और अफवाहों से मुकाबला करना सबसे बड़ी चुनौती है और आने वाले समय में पार्टी का पक्ष प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

नई टीम में छत्तीसगढ़ को मिला बड़ा प्रतिनिधित्व

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय टीम में कुल 65 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी है. इनमें छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को महत्वपूर्ण पद मिलने को प्रदेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है. एक ओर महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान छत्तीसगढ़ को मिली है, वहीं दूसरी ओर पार्टी के सोशल मीडिया जैसे अहम विभाग की जिम्मेदारी भी प्रदेश के नेता को सौंपी है.

भाजपा कार्यालय में मना जश्न

नई नियुक्तियों के बाद भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह देखने को मिला. नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं और आतिशबाजी कर अपनी प्रसन्नता जाहिर की. पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली ये जिम्मेदारियां छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए गौरव का विषय हैं.

दीपक म्हस्के ने जताया नेतृत्व का आभार

एनडीटीवी से बातचीत में दीपक म्हस्के ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने कहा कि संगठन के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण से काम करेंगे.

Latest and Breaking News on NDTV

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद  दीपक म्हस्के का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत. 

फेक न्यूज और अफवाहों से मुकाबला होगा प्राथमिकता

दीपक म्हस्के ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया राजनीतिक और सामाजिक संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है. ऐसे में फेक न्यूज, अफवाहें और भ्रामक जानकारियां बड़ी चुनौती बनकर सामने आती हैं. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता तथ्य आधारित जानकारी को आगे बढ़ाने और गलत सूचनाओं का प्रभावी जवाब देने की होगी.

विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने पर रहेगा जोर

राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक के रूप में दीपक म्हस्के ने स्पष्ट किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भाजपा की नीतियों, उपलब्धियों और विचारों को मजबूती से लोगों तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चलने वाले विपक्षी नैरेटिव का तथ्यों के आधार पर जवाब देने और पार्टी की डिजिटल मौजूदगी को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा.

रूपकुमारी चौधरी को मिली महिला मोर्चा की कमान

वहीं दूसरी ओर महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है. पार्टी में लंबे समय से सक्रिय रूपकुमारी चौधरी महिलाओं के बीच मजबूत पकड़ रखती हैं. संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है.

Latest and Breaking News on NDTV

राजनीतिक सफर और संगठनात्मक अनुभव

रूपकुमारी चौधरी वर्ष 2013 में पहली बार विधायक बनी थीं. इसके बाद उन्होंने भाजपा प्रदेश महामंत्री और संसदीय सचिव जैसी जिम्मेदारियां संभालीं. संगठन और चुनावी राजनीति दोनों में उनका अनुभव उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मददगार साबित हुआ. वर्तमान में वह महासमुंद लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं.

महिलाओं को आगे बढ़ाने पर रहेगा फोकस

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगी. उनका लक्ष्य संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, महिला कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के अवसर देना और महिला मोर्चा को देशभर में और मजबूत बनाना होगा.

छत्तीसगढ़ के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश

रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के की नियुक्ति को भाजपा संगठन में छत्तीसगढ़ की बढ़ती ताकत के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. राष्ट्रीय स्तर पर दोनों नेताओं को मिली जिम्मेदारी यह दर्शाती है कि केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश के नेताओं पर भरोसा जता रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की भूमिका राष्ट्रीय राजनीति और संगठन में और मजबूत हो सकती है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button