खबर

बालाजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस में घुस गई कार; पति-पत्नी और बच्ची की मौत | delhi mumbai expressway accident family returning from balaji temple darshan killed Car hit bus



गुरुग्राम:

हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. राजस्थान के प्रसिद्ध बालाजी मंदिर से दर्शन कर दिल्ली लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बस में जा घुसी. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना में पति-पत्नी और उनकी एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

सुबह 4 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर धुनेला गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ. दिल्ली के रजोकरी इलाके में किराये पर रहने वाले बबन कुमार अपने परिवार के साथ राजस्थान स्थित बालाजी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे. परिवार कार में सवार होकर दिल्ली वापस आ रहा था. इसी दौरान धुनेला गांव के पास कार का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई.

टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़ गए परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों ने NDTV की टीम को बताया कि बबन कुमार पेशे से टैक्सी चालक थे और परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे. टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. बस से भिड़ंत के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए. कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. इसके बाद सभी घायलों को तत्काल निकट के अस्पताल में पहुंचाया गया.

पति-पत्नी और बच्ची की मौत, दो बच्चों की हालत गंभीर

वहीं अस्पताल में डॉक्टरों ने बबन कुमार, उनकी पत्नी रूपा देवी और बच्ची माही को मृत घोषित कर दिया. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. हादसे में परिवार के दो अन्य बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों में 11 वर्षीय आयुष शामिल है. दोनों बच्चों का उपचार अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में कार के संतुलन बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है. हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. पुलिस एक्सप्रेसवे पर मौजूद सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस पलटी, 8 लोगों की मौत, 6 घायल, खाटू श्याम जा रहे थे





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button