

त्योहारों के सीजन में अगर घर पर आप कुछ स्पेशल चीजें बनाकर रखते हैं, तो मेहमानों के स्नैक्स की चिंता खत्म हो जाती है. वहीं, बच्चे भी स्वादिष्ट स्नैक्स बनते देखकर खुश हो जाते हैं. इस बार अगर आप मार्केट से स्नैक्स लाने की सोच रहे हैं, तो इस रेसिपी को देखकर आप अपना प्लान कैंसिल कर सकते हैं. सर्दी का मौसम हो या फिर बच्चों का टिफिन, तो ये नाश्ता आपके लिए खास हो सकता है. इस स्पेशल रेसिपी को Masala Kitchen के यूट्यूब चैनल पर शेयर की गई है. ये दाल-चावल मुरुक्कू रेसिपी आपके बहुत ही काम आ सकती है. इस रेसिपी की खासियत ये है कि इसमें मैदा, सूजी या बेसन का इस्तेमाल नहीं किया जाता. सिर्फ उड़द दाल और चावल के आटे से तैयार होने वाला यह स्नैक लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है. सही तरीके से बनाया जाए तो मुरुक्कू न टूटता है, न बिखरता है और खाने में बेहद क्रिस्पी बनता है.
वीडियो में आप पूरी रेसिपी को डिटेल से देखें…
उड़द दाल और चावल से बनाएं रेसिपी
मुरुक्कू बनाने के लिए सफेद उड़द दाल ली जाती है. दाल को अच्छी तरह धोकर करीब 2 घंटे के लिए भिगोया जाता है. इसके बाद इसे प्रेशर कुकर में डेढ़ कप पानी और नमक के साथ 3 सीटी तक पकाया जाता है. दाल पूरी तरह गल जाने पर उसे अच्छी तरह मैश कर लिया जाता है. दाल और पानी का सही अनुपात इस रेसिपी की सबसे जरूरी ट्रिक है. अगर अनुपात बिगड़ा, तो मुरुक्कू की बनावट भी प्रभावित हो सकती है.
इसके बाद एक बड़े बर्तन में चावल का आटा लें और उसमें नमक, सफेद तिल, अजवाइन, हींग और दरदरी कुटी काली मिर्च मिलाएं. इसके बाद एक बड़ा चम्मच घी डालकर मिश्रण को अच्छे से मिक्स करें. कुटी हुई काली मिर्च मुरुक्कू को हल्का तीखापन और शानदार फ्लेवर देती है. वही, तिल और अजवाइन स्वाद को और बढ़ा देते हैं.
अब मैश की हुई दाल को धीरे-धीरे चावल के आटे में मिलाकर आटा तैयार करें. दाल हल्की गर्म हो तो और बेहतर रहता है क्योंकि इससे चावल के आटे को स्टीम मिलती है और मुरुक्कू टूटते नहीं हैं. ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा कड़ा हो और न बहुत ढीला. अगर आटा सख्त होगा तो मुरुक्कू बनाते समय टूटने लगेंगे. वहीं, ज्यादा नरम आटा सही शेप नहीं ले पाएगा.
तैयार आटे को मुरुक्कू मेकर या चकली मेकर में भरें. मोटे सेव वाले सांचे का इस्तेमाल करें और अपनी पसंद के अनुसार लंबी या गोल मुरुक्कू बनाएं. अगर चाहें तो इसी मिश्रण से चकली भी तैयार की जा सकती है. आटा आसानी से निकल रहा है और टूट नहीं रहा, तो समझिए कि उसका टेक्सचर बिल्कुल सही है.
तेल को पहले अच्छी तरह गर्म करें, फिर मुरुक्कू डालते ही आंच धीमी कर दें. धीमी आंच पर तलने से मुरुक्कू अंदर तक अच्छी तरह पकते हैं और उनका रंग भी सुंदर आता है. तलने के बाद इन्हें छलनी पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. ठंडा होने पर मुरुक्कू और भी ज्यादा क्रिस्पी हो जाते हैं.
ये भी पढ़ें – अचार, नमकीन, चिप्स… ये चीजें बढ़ा सकती हैं ब्लड प्रेशर, समझें शरीर पर कैसे असर डालता है नमक





