खबर

पागल कुत्ते के काटते ही गाय की मौत, उसी के दूध से बना चरणामृत गांव में बंटा; 450 लोगों को लगी रेबीज की वैक्सीन | gorakhpur-charanamrit-becomes-trouble-450-people-take-anti-rabies-vaccine-cow-died-after-dog-bite



गोरखपुर:

यूपी के गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दुर्गा पूजा के दौरान बना चरणामृत दो गांव के लोगों के लिए मुसीबत बन गया. दरअसल, जिस गाय के दूध से चरणामृत बनाया गया था, उसे पागल कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. इसके बाद डर के मारे दो गांव के 450 लोगों ने एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाई.

गोला ब्लॉक के 2 गांव में हड़कंप

मामला गोला ब्लॉक के डाड़ी खास गांव का है. यहां दुर्गा पूजा के दौरान गाय के दूध से बना चरणामृत पीने वाले 450 लोगों को एहतियातन एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई. 

गाय की मौत के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने गांव में कैंप लगाया. मंगलवार को 50 लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचकर टीका लगवाया था, जबकि बुधवार को 400 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया.

गाय भौंकने लगी थी, फिर हुई मौत

डाड़ी खास के पशुपालक नवमी यादव को पता ही नहीं चला कि गाय को आवारा कुत्ते ने कब काटा था. वह रोज दो दुकानों और कुछ घरों में उसी गाय का दूध पहुंचाते थे. 

पिछले एक-दो दिन से गाय की तबीयत खराब थी, मंगलवार को हालत ज्यादा बिगड़ गई. नवमी यादव ने निजी वेटेरनरी डॉ. बेचन सिंह, डॉ. हरदेव यादव और डाड़ी खास पशु अस्पताल के डॉक्टर को दिखाया. डॉक्टरों ने कुत्ते के काटने की आशंका जताई. नवमी यादव का दावा है कि कुछ देर बाद गाय अजीब तरह से भौंकने लगी और मंगलवार देर शाम उसकी मौत हो गई.

गाय के असामान्य व्यवहार की जानकारी मिलते ही दुर्गा पूजा में चरणामृत पीने वाले डाड़ी और गोविंदपुर गांव के लोग दहशत में आ गए.

यह भी पढ़ें | कार की छत पर लिटाकर 1.5KM घुमाया, शीशे में फंसा रहा हाथ… कानपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, CCTV में कैद

स्वास्थ्य विभाग का कैंप, 450 को लगा टीका

21 अक्टूबर को CHC की टीम फार्मासिस्ट सिद्धार्थ सिंह के नेतृत्व में डाड़ी गांव पहुंची. शाम तक 400 लोगों को वैक्सीन लगाई गई.

डॉक्टरों के मुताबिक, लोगों को 0, 3, 7, 14, 28वें दिन और 90वें दिन बूस्टर डोज लेनी होगी.

डिप्टी सीएमओ बोले – डरने की बात नहीं

गोरखपुर के डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया, ‘गोला ब्लॉक में गाय को कुत्ते ने काटा था. दुर्गा पूजा में उसके दूध से चरणामृत बना था. गाय की मौत से लोगों में भय था, इसलिए एहतियातन 450 लोगों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई है.’

उन्होंने कहा कि ‘डरने की बात नहीं है क्योंकि दूध उबल गया होगा, फिर दही बनी होगी, फिर चरणामृत में पड़ा होगा. दूध उबालने से वायरस खत्म हो जाता है. लोगों में डर की वजह से वैक्सीन दी जा रही है.’




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button