खबर

सऊदी के दम्माद एयरपोर्ट पर हुए हमले में मारे गए 2 लोगों में एक भारतीय शामिल, 2 अन्य इंडियन भी घायल | Indian Among 2 Killed In Houthi Attack On Saudi Arabia Dammam Airport 2 Others Injured



सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हूती विद्रोहियों के हमले में एक भारतीय समेत दो लोगों की मौत हो गई है. यमन में रहने वाले इन हूती विद्रोहियों ने सऊदी पर हमले तेज कर दिए हैं. बुधवार की देर रात एयरपोर्ट पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हुई है जबकि आठ अन्य घायल हो गए हैं. सऊदी के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने एक बयान में बताया कि इस हमले में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय व्यक्ति की मौत हो गई है. सऊदी में मौजूद भारतीय दूतावास ने कहा है कि उसे सऊदी ऑथोरिटी की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई है. 

 प्राधिकरण ने मृतकों की संख्या को अपडेट करते हुए यह जानकारी दी. उसकी ओर से आगे कहा कि एयरपोर्ट को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

हाल के हफ्तों में, सऊदी अरब के तेल और नागरिक बुनियादी ढांचे पर ईरान के समर्थन वाले हूती विद्रोहियों के हमलों का स्तर ऐसा हो गया है जो पहले नहीं देखा गया था. इसकी वजह से रियाद को अपना मुख्य एयरपोर्ट बंद करना पड़ा है और एक बड़े निवेश सम्मेलन को टालना पड़ा है.

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सऊदी के भारतीय दूतावास ने लिखा, “सऊदी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कल रात दम्माम एयरपोर्ट पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, और दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. हम और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं.”

इस महीने 22 लोग मारे गए

न्यूज एजेंसी AFP द्वारा जुटाए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस महीने सऊदी अरब के एयरपोर्ट्स पर हुए हमलों में कुल 22 लोग मारे गए हैं. लाल सागर में हूतियों द्वारा लगाई गई समुद्री नाकेबंदी से, कच्चे तेल के दुनिया के सबसे बड़े निर्यातक (सऊदी अरब) से होने वाली तेल की आपूर्ति पर भी खतरा मंडरा रहा है. ये हमले यमन के गृहयुद्ध में कई सालों से चल रहे संघर्ष-विराम के जुलाई में टूट जाने के बाद हुए हैं.

यमन में, ईरान समर्थित हूती समूह, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा समर्थित सरकार से लड़ रहा है. हूतियों ने सऊदी अरब की समुद्री नाकेबंदी की घोषणा की और उसके जहाजों, इलाकों और तेल सुविधाओं पर हमले शुरू कर दिए. इसके बाद सितंबर में उन्होंने एक बड़ा हमला किया, जिसमें उन्होंने लाल सागर तट के पास सरकार के कब्जे वाले इलाकों पर अपना नियंत्रण कर लिया.

इसके जवाब में, सऊदी वायु सेना ने अक्सर हूतियों के नियंत्रण वाले इलाकों को निशाना बनाया है, जिनमें यमन का एक बड़ा हिस्सा शामिल है.

यह भी पढ़ें: सऊदी अरब पर बढ़ते हूती हमलों के बीच अमेरिका अलर्ट; डिप्लोमेट्स को देश छोड़ने के आदेश, दमाम एयरपोर्ट पर भी अटैक




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button