

नई दिल्ली:
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यमुना नदी के पुनर्जीवन से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. द्वारका में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने आरोप लगाया कि पंजाब में AAP सरकार के दौरान नशे का कारोबार बढ़ा है, जबकि दिल्ली में वर्षों तक यमुना में सीवर और कचरा बहाया गया. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकारों के समन्वित प्रयासों से 2029 तक लोगों को एक स्वच्छ यमुना मिलेगी और पंजाब में नशे के कारोबार का सफाया कर दिया जाएगा.
8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ
अमित शाह ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की 43 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 8,941 करोड़ रुपये बताई गई है. उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं यमुना की सफाई और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार बनने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यमुना शुद्धिकरण को लेकर समीक्षा बैठक की थी और इसी दृष्टि के तहत तेजी से काम आगे बढ़ाया गया है. शाह ने दावा किया कि लक्ष्य की दिशा में 40 प्रतिशत से अधिक काम पूरा किया जा चुका है.
#WATCH | Delhi: Union Home Minister Amit Shah says, “… Under the AAP government, the drug trade has grown in Punjab. The people have decided to bring an NDA government to power. Kejriwal ji, excuses will not work; results are needed. After losing Delhi, you have shifted your focus to Punjab, disrupting the Chief Minister’s work there. The AAP will be wiped out in the next elections, and we will eliminate the drug trade in Punjab by 2029.”
— ANI (@ANI) October 22, 2026
AAP सरकार पर नशे को लेकर हमला, अगली बार NDA सरकार का दावा
अपने संबोधन में अमित शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि AAP शासन के दौरान राज्य में नशे का कारोबार बढ़ा है और जनता ने अगली बार एनडीए सरकार लाने का मन बना लिया है. उन्होंने कहा कि बहानों से काम नहीं चलेगा, परिणाम देने होंगे. शाह ने आरोप लगाया कि दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पर ध्यान केंद्रित कर दिया है, जिससे वहां के मुख्यमंत्री के कामकाज पर भी असर पड़ा है. उन्होंने दावा किया कि अगले चुनाव में आम आदमी पार्टी का सफाया हो जाएगा और वर्ष 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा.
यमुना प्रदूषण के लिए कांग्रेस और AAP जिम्मेदार: शाह
गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 30 वर्षों तक कांग्रेस और केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में यमुना में लगातार सीवर और कचरा छोड़ा गया. उनके अनुसार प्रतिदिन लगभग 2,000 टन कचरा यमुना में पहुंचता था. उन्होंने कहा कि हरियाणा से आने वाले औद्योगिक अपशिष्ट और उत्तर प्रदेश से आने वाले प्रदूषित जल ने भी स्थिति को और खराब किया. हालांकि अब दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार होने के कारण संयुक्त और समयबद्ध योजना के तहत नदी को साफ करने का काम किया जा रहा है.
विश्व स्तरीय काम भाजपा की सरकार ने किया है और 3 साल का एक एक्शन प्लान हमने बनाया है. हम दिल्ली के हर घर को गटर के पानी के सीवरेज का कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा करेगी.’
दिल्ली सरकार की तारीफ
अमित शाह ने दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि कम समय में यमुना सफाई को लेकर जो काम हुआ है, उसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से प्रधानमंत्री मोदी का स्वच्छ यमुना का सपना साकार होगा.
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब अदालत का फैसला उनके पक्ष में आता है तो उसे सही माना जाता है, लेकिन फैसला विपरीत आने पर सवाल उठाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करके जनता के जनादेश को बदला नहीं जा सकता. अमित शाह ने कहा, ‘जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी तो ये जनता को कहते हैं कि देखो वोट चोरी है वरना अमित शाह जी को कैसे मालूम पड़ा. अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहीं मरेगा; मुझे हर 6 महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है. मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं. आप जिस तरह से नाकारात्मक राजनीति कर रहे है, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि 2014 से 30 तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है.’
यह भी पढ़ें : ढाई साल में साफ होगी यमुना; अमित शाह करेंगे शुरुआत, ये है सरकार का मेगा प्लान





