मध्य प्रदेश

नागौद राजघराने के खूनी संघर्ष का VIDEO आया सामने, बाबा राजा पर हमले के बाद किसने चलाई गोली?


मध्यप्रदेश के सतना जिले के नागौद राजघराने में हुए खूनी संघर्ष का वीडियो घटना के करीब 48 घंटे बाद सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो वीडियो ने पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है. वीडियो में एक तरफ पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ ‘बाबा राजा’ के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है, तो दूसरी तरफ फायरिंग की आवाजें भी साफ सुनाई दे रही हैं.

अरबों रुपये की संपत्ति, पति-पत्नी के विवाद और कथित दूसरी महिला की एंट्री से जुड़ा यह मामला अब पूरे विंध्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है. पुलिस ने फायरिंग करने की आरोपी सुनीता सिंह परिहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घायल योगिता सिंह का इलाज जारी है.

Bhopal News: पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े 3 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की थी तैयारी!

वायरल वीडियो में दिखी मारपीट और फायरिंग

घटना 11 जून को परसमनियां गढ़ी में हुई थी, लेकिन इसका वीडियो करीब 48 घंटे बाद सामने आया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बाबा राजा के साथ कुछ लोग लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे हैं. वीडियो में उनके कपड़े फटे हुए नजर आ रहे हैं और सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है.

इसी दौरान गोलियां चलने की आवाजें भी सुनाई देती हैं. वीडियो में एक गोली दीवार से टकराने के बाद धुआं उठता हुआ भी दिखाई देता है. घटना का दूसरा वीडियो गढ़ी के पास स्थित पेट्रोल पंप का है, जहां तोड़फोड़ के बाद सामान बिखरा पड़ा नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावों को सही बता रहे हैं.

क्या है पूरा मामला?

नागौद राजघराने से जुड़े रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा और उनकी पत्नी योगिता सिंह के बीच लंबे समय से पारिवारिक और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है. इस विवाद में सुनीता सिंह परिहार का नाम भी लगातार सामने आता रहा है.

बताया जाता है कि रूपेंद्र सिंह और योगिता सिंह की शादी वर्ष 2000 में हुई थी. बाद में सुनीता सिंह परिहार के गढ़ी में आने-जाने को लेकर पति-पत्नी के रिश्तों में खटास बढ़ने लगी. धीरे-धीरे मामला इतना बढ़ गया कि करीब 8 साल पहले बाबा राजा गढ़ी छोड़कर अलग रहने लगे.

इसके बाद रूपेंद्र और सुनीता ने मिलकर कई कारोबारी गतिविधियां शुरू कीं. दोनों ने एक रेस्टोरेंट और बाद में पेट्रोल पंप का संचालन भी किया. लेकिन कारोबार और संपत्ति के हिसाब-किताब को लेकर योगिता और सुनीता के बीच विवाद लगातार गहराता गया.

घटना वाले दिन क्या हुआ? दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे

घटना को लेकर दोनों पक्षों की कहानी अलग-अलग है. योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वे अपनी बेटी, नाती और अन्य परिजनों के साथ गढ़ी में रखा पुराना सामान लेने पहुंची थीं.

उनके अनुसार वहां मौजूद सुनीता सिंह ने पहले गाली-गलौज की और फिर खुद को कमरे में बंद कर लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी. इसी फायरिंग में योगिता सिंह को गोली लग गई.

वहीं दूसरी तरफ बाबा राजा और उनके समर्थकों का कहना है कि पहले योगिता पक्ष के लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया था. उनका आरोप है कि उन्हें लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया. इसी दौरान आत्मरक्षा के लिए सुनीता सिंह परिहार ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की थी. उनका दावा है कि करीब 9 राउंड फायर किए गए थे, जिनमें से एक गोली योगिता सिंह को लग गई.

घटना के दौरान योगिता सिंह को पेट में गोली लगी थी. गंभीर हालत में उन्हें पहले सतना में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में रीवा के विंध्य सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं. हालांकि उनका इलाज अभी जारी है.

आरोपी सुनीता सिंह गिरफ्तार, जेल भेजी गईं

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनीता सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से 22 बोर की लाइसेंसी बंदूक, 8 जिंदा कारतूस और घटनास्थल से 4 खाली खोखे बरामद किए हैं. शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेजने का आदेश दिया.

पहले भी हो चुके हैं विवाद

जानकारी के अनुसार यह विवाद कोई नया नहीं है. करीब डेढ़ साल पहले भी योगिता सिंह ने सुनीता सिंह पर मारपीट का मामला दर्ज कराया था. इसके अलावा जनवरी 2022 में रूपेंद्र सिंह के पिता कांतिदेव सिंह के निधन के बाद परिवार के भीतर संपत्ति और अधिकारों को लेकर तनाव और बढ़ गया था.

इसी दौरान विधायक नागेंद्र सिंह ने योगिता सिंह और उनके बेटे को नागौद किले में शिफ्ट कराया था. राजघराने के भीतर चल रहे इस लंबे विवाद को अब लोग पति, पत्नी और ‘वो’ के बीच संघर्ष के रूप में देख रहे हैं, जिसमें संपत्ति और कारोबारी हितों का पहलू भी जुड़ा हुआ है.

‘लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वालीं…’, प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए क्या बोले CM मोहन यादव?

वीडियो के आधार पर बाबा राजा ने भी की शिकायत

घटना के बाद सामने आए वीडियो को आधार बनाकर बाबा राजा ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि वायरल वीडियो साफ दिखाता है कि उनके साथ हमला और मारपीट हुई थी.

अब पुलिस वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि फायरिंग आत्मरक्षा में हुई थी या फिर यह सुनियोजित हमला था. फिलहाल 48 घंटे बाद सामने आए वीडियो ने नागौद राजघराने के इस खूनी संघर्ष की परतें खोल दी हैं और पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है.

Input By : वेंकटेश द्विवेदी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button