

हिंदू धर्म में धनतेरस का त्योहार सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का प्रतीक माना जाता है. इस दिन खरीदारी करना शुभ माना जाता है, ऐसे में लोग धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और कई दूसरी नई चीजें खरीदते हैं. इन सब से अलग इस दिन झाड़ू भी जरूर खरीदी जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, झाड़ू में मां लक्ष्मी का वास होता है. ऐसे में धनतेरस पर झाड़ू खरीदने को घर में धन लाने से जोड़कर देखा जाता है. लेकिन इसके भी कुछ नियम बताए जाते हैं. इसी कड़ी में ज्योतिषाचार्य सुरेंद्र कांबले ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने धनतेरस पर झाड़ू की खरीदारी से जुड़े ऐसे ही नियम बताए हैं, आइए जानते हैं इनके बारे में-
धनतेरस कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, धनतेरस का त्योहार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. साल 2026 में त्रयोदशी तिथि 6 नवंबर को पड़ रही है, ऐसे में धनतेरस का पर्व 6 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा.
धनतेरस पर नई झाड़ू कब खरीदें?
ज्योतिषाचार्य सुरेंद्र कांबले के अनुसार, धनतेरस के दिन सूर्यास्त से पहले ही नई झाड़ू घर लानी चाहिए. इसके साथ ही कभी भी एक अकेली झाड़ू लेकर न आएं. तीन या पांच जैसी विषम संख्या में झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है. आप सींक या फूल वाली 3 या 5 झाड़ू घर ला सकते हैं, ध्यान रखें कि झाड़ू प्लास्टिक की न हो.
धनतेरस पर कैसे करें झाड़ू की पूजा?
नई झाड़ू घर लाने के बाद उसके हैंडल पर सफेद धागा बांधें. इसके बाद झाड़ू पर कुमकुम और अक्षत लगाकर पूजा करें. फिर इसे ऐसी जगह रखें, जहां यह आसानी से किसी की नजर में न आए. एस्ट्रोलॉजर कहते हैं, नई झाड़ू का इस्तेमाल दिवाली के दिन से शुरू करना चाहिए.
धनतेरस पर पुरानी झाड़ू का क्या करें?
इसे लेकर एस्ट्रोलॉजर कहते हैं, धनतेरस के दिन पुरानी झाड़ू घर से बाहर नहीं निकालनी चाहिए. इससे अलग इस बार धनतेरस शुक्रवार को पड़ रहा है. शुक्रवार और एकादशी के दिन भी घर से झाड़ू को नहीं निकाला जाता है. ऐसे में धनतेरस पर पुरानी झाड़ू को घर में ही रखें, इसके बाद आप अगले दिन यानी शनिवार को इसे बाहर निकाल सकते हैं. पुरानी झाड़ू को ऐसी जगह रखें, जहां किसी का पैर न लगे. साथ ही, पुरानी झाड़ू को कभी जलाना नहीं चाहिए.
यहां देखें वीडियो-
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- सुबह उठते ही मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए कौन सा मंत्र बोलना चाहिए? एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर ने बताया





