
इंदौर पुलिस ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी को हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि उन्हें ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है. अब इस मामले को लेकर एमपी कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने बीजेपी की सरकार पर हमला बोला है और कहा है कि कानूनी दबाव से भरी राजनीति से हम न डरेंगे और न झुकेंगे. वहीं, राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने भी सरकार और पुलिस अधिकारियों को घेरा है.
बीजेपी अब बदला ले रही है- जीतू पटवारी
जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा, ”मुख्यमंत्री जी, इंदौर पुरिस ने मेरे भाई को बगैर सूचना के हिरासत में लेकर यह सियासी संदेश दिया है कि बीजेपी अब “बदला” ले रही है. रंजिश इस बात की कि जो भी सत्ता या मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसे दबाने के लिए कानून का सहारा भी लिया जाएगा.”
मुख्यमंत्री जी,#IndorePolice ने मेरे भाई को बगैर सूचना के हिरासत में लेकर यह सियासी संदेश दिया है कि @BJP4MP अब “बदला” ले रही है!
रंजिश इस बात की कि जो भी सत्ता/मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाएगा, उसे दबाने के लिए “कानून” का सहारा भी लिया जाएगा!
मैं जानता था की सरकार की निजी…
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) July 9, 2026
‘कानूनी दबाव से भरी राजनीति से हम न डरेंगे न झुकेंगे’
उन्होंने आगे कहा, ”मैं जानता था की सरकार की निजी दुर्भावना के चलते मेरे और मेरे परिजनों के खिलाफ झूठी कानूनी कार्रवाइयां जरूर की जाएंगीं.
फिर दोहरा रहा हूं. कानूनी दबाव या प्रभाव से भरी इस राजनीति से हम न डरेंगे, न झुकेंगे, बल्कि और ज्यादा ताकत से मैदानी लड़ाई लड़ेंगे.”
ऐसी परिपाटी न बनाएं जो भविष्य में तकलीफ दे- विवेक तन्खा
कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने आरोप लगाया कि बिना जानकारी और अपराध बताए पुलिस ने जीतू पटवारी के भाई को उठा लिया. उन्होंने कहा, “जीतू पटवारी से ज्ञात हुआ कि अचानक इंदौर पुलिस ने बिना किसी ऑफेंस की सूचना दिए, उनके छोटे भाई को अरेस्ट कर ले गई है. इसकी सूचना पटवारी परिवार को नहीं दी गई. डीजीपी मध्य प्रदेश, इंदौर सीपी और इंदौर कमिश्नर से से आग्रह है कि ऐसी परिपाटी मत बनाएं जो भविष्य में तकलीफ दायक बने.”
एडवोकेट जय हार्डिया ने क्या कहा?
एडवोकेट जय हार्डिया का कहना है कि नाना पटवारी की तलाश को लेकर हमने राजेंद्र नगर पुलिस को एक आवेदन दिया है. फिलहाल वह कहां है, इसके बारे में हमें किस तरह की कोई जानकारी नहीं हैं.
नाना पटवारी की गिरफ्तारी पर क्या बोले चिंटू चौकसे?
दूसरी ओर इंदौर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा, ”हमें सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है. फिलहाल अभी तक किसी भी पुलिस अधिकारी के द्वारा हमें इस बात की जानकारी नहीं दी जा रही है कि उन्हें क्यों हिरासत में लिया गया है?”
चिंटू चौकसे का तो यह भी कहना है कि जिस तरह से कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पिछले कुछ दिनों से बीजेपी और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं. इसी के चलते उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है. पूरी कांग्रेस पार्टी जीतू पटवारी के साथ खड़ी हुई है.
Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव का सियासी समीकरण, ब्राह्मण-कुशवाहा-अहिरवार वोट पर टिकी जीत-हार!
