खबर

जम्मू-कश्मीर में बाढ़-भूस्खलन से भारी तबाही, 11 की मौत कई लापता, किश्तवाड़ में फटा बादल | Jammu Kashmir rains floods Poonch Rajouri flash floods landslides 11 death 7 missing



राजौरी:

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं. रविवार को मूसलाधार बारिश के बाद आए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से पुंछ, राजौरी और किश्तवाड़ जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं. यहां भारी नुकसान दिखा है. जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से 11 लोगों की मौत की खबर आई है, जबकि सात लोग लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव टीमें सभी जिलों में सक्रिए हैं. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी सीएम उमर अब्दुल्ला से बात की है और केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. 

जम्मू-कश्मीर में 11 लोगों की मौत 

जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से 11 लोगों की मौत हुई है. अधिकारियों ने बताया कि सबसे ज्यादा तबाही पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में हुई, जहां ज्यादातर मौतें हुईं हैं. लगातार बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों के बीच बचाव दल लापता लोगों का पता लगाने के लिए तेजी से काम कर रहे थे. भारी बारिश के कारण इलाके के कई हिस्सों में बिगड़ते हालात को देखते हुए सीएम मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली में अपना दौरा छोटा करने और दोपहर में जम्मू लौटने का फैसला किया है. जबकि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बारिश और अचानक बाढ़ से प्रभावित जिलों में हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत और मदद पहुंचाने का निर्देश दिए हैं.

सुरनकोट में भारी नुकसान 

रविवार सुबह भारी बारिश के बाद कश्मीर के सुरनकोट के लोअर मुर्राह गांव में हुए भूस्खलन की चपेट में एक घर आ गया, जिससे घर में मौजूद सभी आठ लोग मलबे के नीचे दब गए. मलबे से पांच लोगों के शव निकाले गए, जिनमें दो साल का बच्चा सोफियान यासर भी शामिल है, जबकि बाकी लापता लोगों का पता लगाने के लिए खोज अभियान जारी था. इसके अलावा सांगला गांव में अचानक आई बाढ़ में एक और परिवार का घर बह जाने से उस परिवार के चार सदस्य लापता हो गए. लापता लोगों में अब्दुल हमीद, उनकी पत्नी शरीफा बेगम, बेटी अरीबा और बहन मनीरा बेगम शामिल हैं. 

जम्मू-कश्मीर में नदियां उफान पर

जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं. मनावर नदी और धरावल नदी में बाढ़ आई है. ऐसे में राजौरी जिले और पीर पंजाल क्षेत्र में सबसे ज्यादा अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन और पुलिस ने एडवाजायरी जारी की है, जिसके मुताबिक लोगों से नदियों और नालों से दूर रहने के साथ-साथ घरों से बेवजह बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है. मौसम विभाग ने यहां सावधानी बरतने के लिए कहा है. 

ये भी पढे़ंः जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, राजौरी में बह गई 200 से ज्यादा गाड़ियां, देखें Video







Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button