

अनंतपुर:
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में चलती क्लास में आरी लेकर 10वीं की छात्रा पर हमला करने वाला हेमंत पकड़ में आ गया है. आरोपी हेमंत को जब पुलिस पकड़ने गई तो वह भागने लगा. उसने पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने भी फायरिंग की. इस गोलीबारी में हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है.
हेमंत ने जब पुलिस पर हमला किया तो जवाब में पुलिस ने उस पर करीब 6 राउंड फायरिंग की. इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
जंगल में छिपा था आरोपी हेमंत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी हेमंत आत्मकुर के पास एक जंगल में छिपा हुआ है.
जब पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला कर दिया. इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
इसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया.
यह भी पढ़ें | चलती क्लास में आरी लेकर घुस आया लड़का, छात्रा पर हमला; सहेली भी गंभीर रूप से घायल
31 अक्टूबर को स्कूल में घुसकर किया था हमला
31 अक्टूबर को आरोपी हेमंत स्कूल के समय में राप्ताडू जिला परिषद हाई स्कूल में घुस गया था और 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर चेन-सा (आरी) से हमला कर दिया था. जब उसकी दोस्त ने उसे बचाने की कोशिश की तो वह भी घायल हो गई.
हमले में मुख्य पीड़िता को गंभीर चोटें आई थीं. उसे बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया था और पुलिस पर आरोपी को जल्द पकड़ने का दबाव था.
पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में आगे की जांच जारी है.





