
बिहार के दरभंगा जिले में बुधवार की सुबह कोसी नदी में हुए नाव हादसे के समय रविंद्र कुमार यादव देवदूत बनकर सामने आया है. जिस समय कोसी नदी में नाव पलटी, उस समय रविंद्र पास में ही नदी के किनारे मौजूद था. उसने अपने जान की परवाह किए बगैर तुरंत नदी में छलांग लगा दी और नाव में पलटने से डूबे 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया. हालांकि, 3 लोग लापता हो गए. नदी में डूबे 7 लोगों की जान बचाने के लिए रविंद्र यादव की इस बहादुरी पर जिला प्रशासन ने उसको सम्मानित करने का फैसला किया है.
आपदा मित्र के पद तैनात रविंद्र
जमालपुर थाना के थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आपदा मित्र का काम करने वाले रविंद्र यादव को सात लोगों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लेने के लिए थाना अस्तर पर एवं जिला स्तर पर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है. आपदा मित्र रविंद्र की दुर्घटना स्थल वाले कोसी नदी पर बने बांध की सुरक्षा का कार्य देखने के लिए प्रतिनियुक्ति है.
सहरसा जिला के सलखुआ थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव के रहने वाले लक्ष्मण यादव के पुत्र आपदा मित्र रविंद्र कुमार यादव एसडीआरएफ से सुरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं. आज उनका वही प्रशिक्षण 7 लोगों की जान बचाने के लिए मददगार साबित हुआ. अब रविंद्र की इस बहादुरी के लिए प्रशासन उसे सम्मानित करेगा.

7 लोगों की जान बचाने वाला रविंद्र कुमार यादव
मूंग की फसल काटने जा रहे थे नाव सवार लोग
बता दें कि दरभंगा जिले में कोसी नदी में उस समय नाव हादसा हुआ, जब मूंग की फसल काटने जा रहे 10 लोगों से सवार नाव नदी में पलट गई. हादसा सुबह करीब सात बजे जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के तरवारा गांव के निकट हुआ. बिरौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रभाकर तिवारी ने बताया कि नाव में सवार सात लोगों सुरक्षित बचा लिया गया है. जबकि तीन अन्य लोग धारा में बह गए और अब तक उनका पता नहीं चल सका. बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन में एक महिला का शव बरामद हुआ.
मृतक महिला की पहचान कंचन देवी पति शिवशंकर यादव ग्राम तरवाडा के रूप हुई है. वहीं, कुबौल गांव की निवासी अमीरा कुमारी पति राजाराम सदा और 11 वर्षीय नेहा कुमारी उम्र 11 वर्ष पिता देबू सदा लापता अभी भी लापता हैं. जिनकी SDRF और स्थानीय नाविकों की मदद से अभी भी तलाशी अभियान जारी है. उधर कोसी नदी में नाव पलटने की सूचना पर दरभंगा नगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार चौधरी और जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया.
इनपुट- दरभंगा से प्रमोद कुमार गुप्ता
यह भी पढे़ं- बिहार: कोसी नदी हादसे में 1 डेड बॉडी बरामद, लापता लोगों के लिए अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी





