खबर

कोचिंग दूर है, किराया नहीं है… छात्रा की गुहार पर DM ने बस PASS के साथ 1 लाख रुपये देकर की मदद | Uttar Pradesh Azamgarh DM provides bus pass and financial assistance Rupess 1 lakh to student Menka



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की रहने वाली मेनका प्रजापति का सपना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर आगे बढ़ने का है. लेकिन पिता अमरजीत प्रजापति के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो गई कि उनकी पढ़ाई पर संकट आ गया. मेनका को कोचिंग के लिए रोज आजमगढ़ शहर जाना पड़ता था, लेकिन बस का किराया जुटाना भी परिवार के लिए मुश्किल हो गया था.

बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के अतरौलिया इलाके के खानपुर फतेह गांव की रहने वाली मेनका के सामने हालात ऐसे बन गए कि उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने का डर सताने लगा.

जनता दरबार में रखी अपनी बात

पढ़ाई बचाने की उम्मीद लेकर मेनका जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के जनता दरबार पहुंचीं. उन्होंने डीएम से कहा कि यदि उन्हें बस का पास मिल जाए तो वह अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं. छात्रा की बात सुनकर जिलाधिकारी ने तुरंत मदद का भरोसा दिया. डीएम ने मौके पर ही रोडवेज अधिकारियों से संपर्क किया और मेनका के लिए नि:शुल्क यात्रा पास की व्यवस्था कराई, ताकि वह बिना आर्थिक बोझ के कोचिंग के लिए आ-जा सकें.

बस पास के बाद मिली एक लाख रुपये की सहायता

मदद यहीं तक सीमित नहीं रही. जिलाधिकारी ने परिवार की स्थिति को देखते हुए आगे की सहायता के लिए भी पहल की. महज सात दिनों के भीतर मेनका और उनके परिवार को कलेक्ट्रेट बुलाया गया और एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई. यह सहायता मिलने के बाद परिवार को बड़ी राहत मिली. जिन आंखों में पहले भविष्य की चिंता थी, उनमें अब उम्मीद दिखाई देने लगी है.

सोशल मीडिया पर भी साझा की जानकारी

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने इस पूरी पहल की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की है. उनकी इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है. लोगों का कहना है कि समय पर मिली मदद ने एक प्रतिभाशाली छात्रा की पढ़ाई रुकने से बचा ली और उसके सपनों को नई उड़ान दे दी.

यह भी पढ़ें- 7 साल की रागिनी के लिए ट्राईसाइकिल लेकर घर पहुंचे DM अंकल, कौन हैं IAS मंगला प्रसाद सिंह?






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button