
विवेक ओबेरॉय बॉलीवुड में अपनी फिल्मों के लिए तो पहचाने ही जाते हैं, लेकिन सामाजिक कामों में उनकी भागीदारी भी अक्सर चर्चा में रहती है. खासतौर पर कैंसर से पीड़ित बच्चों की मदद करने के लिए अभिनेता कई बार आगे आ चुके हैं. विवेक ओबेरॉय अपनी पत्नी प्रियंका अल्वा और बच्चों विवान वीर और अमेया निर्वाण के साथ परिवार की जिंदगी जीते हैं. हालांकि, उनके परिवार से जुड़ी एक ऐसी कहानी भी है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. दरअसल, विवेक ने बचपन में सहारा शाह नाम की एक बच्ची को गोद लिया था. उस वक्त सहारा महज ढाई साल की थीं और कैंसर से जूझ रही थीं. आज सहारा 22 साल की हो चुकी हैं और बीमारी को मात देने के बाद अब एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने की तैयारी कर रही हैं.
एक्टिंग की दुनिया में कदम रखेंगी सहारा
सहारा शाह ने हाल ही में एक इवेंट में अपने करियर को लेकर बात की. उन्होंने बताया कि वह एविएशन की ट्रेनिंग पूरी कर चुकी हैं और जल्द ही दुबई में भी नजर आएंगी. इसके साथ ही उन्होंने अपनी पहली फिल्म को लेकर भी बड़ा खुलासा किया. सहारा के मुताबिक, उन्हें एक नेपाली फिल्म में लीड एक्ट्रेस का किरदार निभाने का मौका मिला है.

हालांकि, उन्होंने अभी फिल्म को आधिकारिक तौर पर साइन नहीं किया है. उन्होंने कहा कि वह विवेक ओबेरॉय की मौजूदगी और उनके आशीर्वाद के साथ इस नए सफर की शुरुआत करना चाहती हैं.

सहारा ने विवेक को अपनी जिंदगी का बेहद अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि वह उन्हें तब से जानती हैं, जब वह सिर्फ ढाई साल की थीं. उन्होंने यह भी कहा कि बचपन से ही वह विवेक को देखकर बड़ी हुई हैं और हमेशा उनके नक्शेकदम पर चलने की इच्छा रही है.
बेटी की पहली फिल्म पर भावुक हुए विवेक
सहारा की बात सुनकर विवेक ओबेरॉय भी भावुक नजर आए. बताया जाता है कि जब सहारा ने उनके सामने अपनी पहली फिल्म से जुड़े फैसले का ऐलान किया तो अभिनेता की आंखें नम हो गईं. सहारा को गोद लेने के पीछे भी विवेक की एक भावुक कहानी है. जब उन्हें पता चला कि एक छोटी बच्ची कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है, तो उन्होंने उसकी मदद करने का फैसला किया.

इसके बाद उन्होंने सहारा के इलाज और पढ़ाई की जिम्मेदारी संभाली. आज सहारा कैंसर से मुक्त हैं और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं.
‘रामायण’ में नजर आएंगे विवेक

वर्कफ्रंट की बात करें तो विवेक ओबेरॉय इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं. इस मेगा बजट प्रोजेक्ट में वह विद्युत्जिह्व का किरदार निभाते दिखाई देंगे, जो सूर्पणखा के पति और रावण के बहनोई थे. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज होने वाला है.





