
सागर जिले के बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को सागर पुलिस ने बुधवार (23 सितंबर) तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ मालथौन क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड की घाटी पर करीब सुबह 3 बजे हुई.
पुलिस टीम आरोपियों की घेराबंदी कर रही थी. इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मनीष लोधी के पैर में गोली लगी. उसका साथी आशीष साहू भी भागने के प्रयास में घायल हो गया. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मौके से दो देशी कट्टे, पांच कारतूस और बेसबॉल का डंडा बरामद
पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टे, पांच कारतूस और बेसबॉल का डंडा बरामद किया है. मामले में पुलिस की ओर से वैधानिक कार्रवाई जारी है. बंडा जहरीली शराब कांड के आरोपियों के खिलाफ सागर पुलिस की यह तीसरी मुठभेड़ बताई जा रही है. इससे पहले पुलिस ने रवि लखेरा और शिवांजय राजपूत को भी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था.
यह भी पढ़ें: मैहर: बलराम कृषि महोत्सव को CM मोहन यादव ने किया संबोधित, किसानों के लिए की घोषणा
जहरीली शराब से 30 से अधिक लोगों की मौत की बात सामने
बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 30 से अधिक लोगों की मौत होने की बात सामने आई है. वहीं बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए थे और 50 से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई थी. इस मामले के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. अब मनीष लोधी की गिरफ्तारी को मामले में एक और अहम कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: गरबा पर BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिया विवादित बयान, कांग्रेस-AIMIM भड़की