
देश भर में स्वच्छता के लिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले मध्य प्रदेश के इंदौर शहर (Indore News) से मूलभूत सुविधाओं की बदहाली की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां वार्ड 75 स्थित पालदा रोड की भावना नगर कॉलोनी में जर्जर और कीचड़ से सनी सड़क से परेशान होकर स्थानीय रहवासियों ने कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के नेतृत्व में इंदौर नगर निगम (Indore Municipal Corporation) के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है.
पार्षद और रहवासी सड़क के बीचों-बीच भरे कीचड़ में ही धरने पर बैठ गए हैं. उनका साफ कहना है कि जब तक निगमायुक्त खुद आकर सड़क सुधारने का ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक उनका यह धरना यूं ही जारी रहेगा.
बाल सुधार गृह में नाबालिगों से हफ्ता वसूली, मोबाइल, गांजा भी बरामद
भावना नगर (Bhavana Nagar) में जलभराव
भावना नगर क्षेत्र के निवासियों ने अपने क्षेत्रीय पार्षद कुणाल सोलंकी से इस खस्ताहाल सड़क को लेकर शिकायत की थी. इसके बाद क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे पार्षद वहां की बदतर स्थिति देखकर हैरान रह गए. सड़क पर बहते कीचड़ को देखकर पार्षद ने तुरंत रहवासियों के साथ कीचड़ में बैठकर (Mud Protest) धरना शुरू कर दिया. पार्षद सोलंकी का आरोप है कि दलित और आदिवासी बहुल भावना नगर में लंबे समय से मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है.
ड्रेनेज के नाम पर खोदी सड़क
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई वर्षों तक निगम अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद बड़ी मुश्किल से यह सड़क बनी थी. लेकिन, विधायक की अनुशंसा पर ड्रेनेज लाइन डालने के नाम पर बनी-बनाई सड़क को दोबारा खोद दिया गया. काम पूरा होने के बाद सड़क को खुदा हुआ छोड़ दिया गया, जिससे आज यह एक बड़े कीचड़ के दलदल में तब्दील हो गई है. बारिश के कारण दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कीचड़ धरने (Mud Protest) पर अड़े पार्षद
पार्षद के मुताबिक, नगर निगम के इंजीनियर हर्ष गहलोत से पिछले दो महीनों से खोदी गई ट्रेंच को भरने का आग्रह किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है. धरने के दौरान पार्षद ने चेतावनी दी है कि जब तक नगर निगम कमिश्नर (Municipal Commissioner) खुद मौके पर पहुंचकर सड़क की समस्या का समाधान नहीं करते, उनका धरना जारी रहेगा. रहवासियों ने भी ड्रेनेज कार्य के बाद खोदी गई सड़क को तुरंत बहाल करने की मांग की है.
भोपाल में कश्मीरी छात्रों को धमकाने का आरोप, एसोसिएशन ने उठाई आवाज