
मध्य प्रदेश की आईएएस अधिकारी नेहा मारव्या को एक साल के अंदर-अंदर चार बार ट्रांसफर लेटर मिला. IAS अफसर का यह मामला चर्चा में तब आया जब उन्होंने खुद तबादलों से परेशान होकर अपनी नाराजगी जताई. चौथी बार जब ट्रांसफर लिस्ट में उनका नाम आया तो नेहा मारव्या ने व्हॉट्सएप पर बने IAS अधिकारियों के एक चैट ग्रुप में अपना दर्द शेयर किया और सिस्टम पर सवाल उठाए.
सालभर में चौथी बार ट्रांसफर होने पर IAS एसोसिएशन के व्हॉट्सएप ग्रुप में नेहा मारव्या ने लिखा कि उन्होंने धमकी मिलने की शिकायत की थी, जिसके बाद उल्टा उन्हीं के ट्रांसफर हो रहे हैं. IAS अधिकारी नेहा का दावा है, “मेरा तबादला इसलिए किया गया क्योंकि जिन कर्मचारियों का कंट्रोल मेरे पास नहीं बल्कि विभाग के पास है, उन्होंने मेरे खिलाफ बगावत कर दी. वे मेरी डेस्क पर हाथ पटककर मुझे तबादला करवाने की धमकी दे रहे हैं.”
यह भी पढ़ें: रीवा में डॉक्टर की लापरवाही, कुत्ते के काटने पर लगाया स्नेक बाइट का इंजेक्शन
‘केवल बर्थडे विश भेजना है IAS एसोसिएशन का काम’- नेहा मारव्या
इतना ही नहीं, IAS एसोसिएशन के ग्रुप पर नेहा मारव्या ने सवाल उठाते हुए लिखा, “क्या एसोसिएशन का काम सिर्फ जन्मदिन की बधाई देना है? 5 सितंबर 2026 की तबादला सूची में अपना नाम दोबारा देखकर मैं बहुत परेशान हूं. नई जगह जॉईन करने के 50 दिनों के अंदर ही मेरा फिर ट्रांसफर कर दिया गया है.”
ग्रुप में नेहा मारव्या ने इस उम्मीद में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मैसेज किया कि शायद उन्हें इस समस्या का कोई समाधान मिलेगा. उनका कहना है कि हर बार ट्रांसफर को उन्होंने सम्मानपूर्वक स्वीकार किया है, लेकिन बार-बार ऐसा होने पर वह हतोत्साहित महसूस करने लगी हैं.
IAS अधिकारी ने की थी दुर्व्यवहार की शिकायत
नेहा मारव्या ने दावा किया कि उन्होंने कर्मचारियों की अवज्ञा, फाइल रोकने की प्रक्रिया और विभाग में किए जा रहे दुर्व्यवहार की शिकायत की थी. उन्होंने उम्मीद की थी कि सही दिशा में एक्शन लिया जाएगा लेकिन उल्टा उन्हीं को ट्रांसफर कर परेशान किया जाने लगा.
यह भी पढ़ें: सागर में जहरीली शराब से 11 की मौत, 85 भर्ती, जानें अब तक क्या-क्या हुआ?