

मां गंगा के सानिध्य में सुकून तलाशने पहुंचे पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ
नई दिल्ली:
अपनी गायकी से देश-विदेश के करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करने वाले पंजाबी गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों और मां गंगा के आध्यात्मिक सानिध्य में सुकून के कुछ पल बिताने पहुंचे. दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के बाद उन्होंने तीर्थनगरी ऋषिकेश और टिहरी के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच समय बिताया. इस दौरान दिलजीत दोसांझ गंगा तट पर पहुंचे, जहां उन्होंने शांत वातावरण में बैठकर मां गंगा की अविरल जलधारा को निहारा और ध्यान लगाकर आशीर्वाद लिया. गंगा किनारे बिताए इन खास पलों को उन्होंने अपने कैमरे में भी कैद किया.
यह भी पढ़ें- 47 की उम्र में भी कुवांरे हैं प्रभास, राणा दग्गुबाती ने इस बॉलीवुड एक्ट्रेस को बताया परफेक्ट मैच
बताया जा रहा है कि दिलजीत दोसांझ ने टिहरी जिले में शिवपुरी के निकट बदरीनाथ मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध वशिष्ठ गुफा में भी कुछ समय बिताया. यहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया. खास बात यह रही कि उनके यहां पहुंचने की भनक तक स्थानीय लोगों को नहीं लग पाई. बिना किसी तामझाम और सार्वजनिक हलचल के उन्होंने गंगा तट की शांति का आनंद लिया और फिर वापस लौट गए.
पंजाबी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान रखने वाले दिलजीत दोसांझ के गानों की लोकप्रियता भारत से लेकर विदेशों तक है. गायकी के साथ-साथ वह कई फिल्मों में अपने अभिनय का हुनर भी दिखा चुके हैं. युवाओं के बीच उनकी जबरदस्त लोकप्रियता है. ऐसे में उनका उत्तराखंड की वादियों में पहुंचकर मां गंगा के सानिध्य और आध्यात्मिक वातावरण में समय बिताना फैंस को भा रहा है.
पूरी स्टोरी पढ़ें





