खबर

‘ईरान ट्रंप को मारने की नई साजिश रच रहा है’… इजरायल ने अमेरिका के भर दिए कान? | Israel Told US Iran Hatched Fresh Plot to Kill Donald Trump Benjamin Netanyahu call Middle East War



ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक और बड़ा दावा सामने आया है. खबर है कि इजरायल ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि ईरान, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की एक नई साजिश रच रहा है. इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने भी इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन घुमाया है और खाड़ी क्षेत्र में चल रही अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी. साथ ही तुर्की को F-35 फाइटर जेट बेचने की खबर से परेशान नेतन्याहू को भरोसा दिलाने की भी कोशिश की

ईरान ट्रंप की हत्या की नई साजिश रच रहा है- इजरायल का दावा

द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने गुरुवार को कुछ गुप्त सूत्रों के हवाले से खबर छापी कि इजरायल ने अमेरिका को एक नई खुफिया जानकारी दी है. इजरायल का दावा है कि ईरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की एक नई साजिश बना रहा है. अगर यह दावा सही साबित होता है, तो इससे अमेरिका और ईरान के बीच चल रही लड़ाई और ज्यादा गंभीर हो सकती है. बता दें कि ईरान कई सालों से खुलकर कहता रहा है कि वह डोनाल्ड ट्रंप से बदला लेगा. इसकी वजह यह है कि ट्रंप के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान ही इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के बड़े जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या कर दी गई थी. अब तो जंग में ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी सेना ने ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को भी मौत के घाट उतार दिया है. अली खामेनेई को शुक्रवार, 10 जुलाई को सुपुर्द-ए-खाक  किया गया.

इससे पहले बुधवार को तुर्की की राजधानी अंकारा में पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी जान को खतरा होने की बात भी कही थी. उन्होंने कहा था, “वे अमेरिका के नेता यानी मुझे मारना चाहते हैं. मैं उनकी हर लिस्ट में हूं. मैंने आज सुबह देखा कि मेरा नाम उनकी हर लिस्ट में है. अभी तक मैं थोड़ा किस्मत वाला रहा हूं, लेकिन यह किस्मत कब तक साथ देगी, यह नहीं पता.”

ट्रंप और नेतन्याहू से की बात

इजरायल के पीएम ऑफिस ने बताया कि गुरुवार को डोनाल्ड ट्रंप ने बेंजामिन नेतन्याहू को खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी. यह बातचीत ऐसे समय हुई, जब ईरान ने अमेरिका पर नए हवाई हमले करने का आरोप लगाया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में नेतन्याहू के ऑफिस ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है और इसी दौरान ट्रंप ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की कार्रवाई की जानकारी दी.

न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार एक अमेरिकी अधिकारी ने भी पुष्टि की कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर बात हुई, लेकिन उसने बातचीत की बाकी जानकारी नहीं दी. इस बातचीत के दौरान बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के सामने तुर्की को लेकर भी अपनी चिंता जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगान और उनके सहयोगी ऐसे बयान दे रहे हैं जो इजरायल के अस्तित्व के खिलाफ हैं. मंगलवार को एर्दोगान ने इजरायल के उस दावे को गलत जानकारी बताया, जिसमें कहा गया था कि अगर अमेरिका तुर्की को F-35 फाइटर जेट और उनके पुर्जे बेचेगा, तो इससे क्षेत्र में ताकत का संतुलन बिगड़ जाएगा.

सोमवार को बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका से अपील की थी कि वह अपने नाटो सहयोगी तुर्की को F-35 जेट न बेचे.

क्या ईरान के खिलाफ तीसरी जंग की तैयारी?

अमेरिका और इजरायल ने दो साल में दो बार ईरान पर हमला किया है- जून 2025 में और इस साल फरवरी के आखिरी में… एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अब गुरुवार को एक सैन्य कार्यक्रम में इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो इजरायल ईरान पर तीसरी बार भी हमला करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि इस बार हमला पहले से भी ज्यादा ताकत के साथ किया जाएगा. वहीं प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, “हम हर तरह की स्थिति के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं.”

यह भी पढ़ें: एक तरफ सुपुर्द-ए-खाक हुए खामेनेई, दूसरी ओर ईरान से जॉर्डन तक गरज रहीं मिसाइलें




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button