
इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र से एक युवक की पुलिसकर्मी द्वारा लाठी से पिटाई का वीडियो सामने आया है. वायरल सीसीटीवी वीडियो में एक पुलिसकर्मी युवक के साथ मारपीट करता हुआ नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मामला डीसीपी नरेंद्र रावत के संज्ञान में आया है. डीसीपी ने पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
पुलिसकर्मी हर महीने 25 हजार रुपये की करते थे मांग
बताया जा रहा है कि यह सीसीटीवी वीडियो इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र का है. वीडियो में एक पुलिसकर्मी लाठी से युवक की पिटाई करता दिखाई दे रहा है. युवक के पान की दुकान संचालित करने की जानकारी सामने आई है. आरोप है कि उसकी पिटाई राऊ थाने में पदस्थ एएसआई अनुज कुमार झा और उनके ड्राइवर निलेश ने की. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
वहीं, पान दुकान संचालक ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मी उससे हर महीने 25 हजार रुपये की मांग करते थे. उसके मुताबिक, पैसे नहीं देने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी. युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जाती थी.
यह भी पढ़ें: ‘संध्या दीदी थोड़ी चौड़ी…’, BJP की महिला पार्षद पर विजयवर्गीय का विवादित बयान
डीसीपी के संज्ञान में आने के बाद, पूरे प्रकरण की जांच के आदेश
फिलहाल वायरल वीडियो और युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. मामला डीसीपी नरेंद्र रावत के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मुरैना के इस गांव में बुनियादी सुविधाओं का आभाव, दाह संस्कार के लिए मुक्ति धाम तक नहीं