खबर

असम में गौरव गोगोई और भूपेश बघेल की गाड़ी पर पथराव, कार के शीशे टूटे | Gaurav Gogoi Alleges Attack on Car Carrying Him and Bhupesh Baghel During Assam Bypoll Campaign



असम के नागांव उपचुनाव के दौरान कांग्रेस ने बड़ा आरोप लगाया है. कांग्रेस नेता और सांसद गौरव गोगोई ने दावा किया कि चुनावी रैली में जाते समय उनकी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कार पर हमला किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर पत्थर और बोतलें फेंकीं, जिससे वाहन के शीशे और खिड़कियां टूट गईं.

गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह और भूपेश बघेल नागांव में एक चुनावी रैली के लिए जा रहे थे, तभी उनकी कार को निशाना बनाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पहले से जानकारी दी गई थी, लेकिन स्थिति को बिगड़ने दिया गया.

गोगोई ने कहा कि हमले में गाड़ी के शीशे टूट गए और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं. उनके मुताबिक, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव मनोज चौहान भी घटना में घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि जिस गाड़ी पर हमला हुआ, उसमें भूपेश बघेल, वह स्वयं और कांग्रेस उम्मीदवार सिबामनी बोरा सवार थे.

असम पुलिस पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता ने असम पुलिस पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर, हस्तक्षेप नहीं करने के लिए कहा गया था. गोगोई का कहना है कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक रात पहले से ही संभावित तनाव को लेकर पुलिस को आगाह किया था, इसके बावजूद घटना को नहीं रोका गया.

गौरव गोगोई ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब तक हिमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री रहेंगे, राज्य की राजनीतिक संस्कृति धीरे-धीरे खत्म होती जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संरक्षण में अपराधी तत्व राजनीति पर हावी हो रहे हैं.

यह भी पढ़ें: असम के नगांव उपचुनाव से टीएमसी ने पीछे खींचे कदम, चुनाव आयोग के फैसले के विरोध में उम्मीदवार ने नाम लिया वापस





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button