खबर

‘अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी’, मथुरा से केशव मौर्य ने बता दिया यूपी चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा | keshav-prasad-maurya-mathura-krishna-janmabhoomi-mandir-2027-election-big-issue



उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को कहा कि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा होगा. भाजपा की एक बैठक में शामिल होने आए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि सबसे बड़ा मुद्दा रहेगी.

उन्होंने कहा, ‘जिस तरह अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर बनेगा. यह कानूनी प्रक्रिया से हो या आपसी बातचीत से, लेकिन यह पार्टी की प्राथमिकता में है.’

मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को साथ आने का प्रस्ताव देते हुए कहा, ‘अगर अखिलेश यादव हमारे साथ कारसेवा करने आना चाहेंगे, तो उन्हें भी साथ लेकर भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाएंगे.’

सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में पूछे जाने पर मौर्य ने कहा कि उनका लक्ष्य गुंडागर्दी, अपराध और माफिया गतिविधियों को खत्म करना तथा ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना है.

यह भी पढ़ें | जीती सीटें कैसे छोड़ेगी सपा? रायबरेली जिले में एक पर भी कांग्रेस का विधायक नहीं, पर मांगीं सारी सीटें

सपा पर मौर्य ने लगाए आरोप

आगरा में सपा के पीडीए दलित सम्मेलन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में दलित भाजपा के साथ हैं और उनकी पार्टी ही सरकार बनाएगी.

मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने दलितों को ‘मूर्ख’ कहकर अपमानजनक टिप्पणी की है. उन्होंने इस टिप्पणी के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से माफी मांगने को कहा. मौर्य ने कहा कि यह दलित समुदाय और डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान है.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘एक तरफ समाजवादी पार्टी दलित सम्मेलन आयोजित करती है और दूसरी तरफ दलितों के लिए अपशब्द कहे जाते हैं. मैं कहता हूं कि समाजवादी पार्टी न पिछड़ों की समर्थक है, न दलितों की और न ही गरीबों एवं महिलाओं की. यह केवल परिवार और गुंडों-अपराधियों की समर्थक है.’

यह भी पढ़ें | ब्राह्मण, जाट-गुर्जर और भूमिहार… कोर वोटरों को साधने के लिए BJP ने बनाई रणनीति, पूरे राज्य में होंगी बैठकें

‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ पर क्या बोले?

अखिलेश यादव के ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा, ‘लैपटॉप की बात अखिलेश यादव न ही करें तो अच्छा है. उन्हें तो कट्टे, बम, गुंडे-अपराधी, माफिया और दंगाइयों की बात करनी चाहिए. उनके मुंह से लैपटॉप की बातें शोभा नहीं देतीं.’

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2012 से 2017 तक सपा सरकार का शासन देखा है और अब वह वैसी गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, अत्याचार या दंगे नहीं चाहती.

उन्होंने कहा, ‘यहां विकास चाहिए, गरीबों का कल्याण चाहिए और सबका विकास चाहिए.’

2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी. उस समय केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे. उनके नेतृत्व में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 403 सीट में से 312 पर जीत हासिल की थी, जबकि उसके सहयोगी दलों को 13 सीट मिली थीं.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button