
हाल ही में ‘जोश’ एक्टर शरद कपूर ने एक वीडियो जारी कर बॉलीवुड से काम मांगा था. इससे पहले आई एक और वीडियो में एक्टर काफी कमजोर और बदहाली में नजर आ रहे थे. वहीं शरद कपूर की इन वीडियो के वायरल होने के बाद बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. सोनू ने शरद के इलाज के लिए डॉक्टर की टीम भी भेजी थी, वहीं अब सोनू खुद शरद कपूर से मिलने पहुंचे. इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
सोनू सूद ने की शरद कपूर से मुलाकात
बता दें कि सोनू सूद को सोमवार, 16 नवंबर को मुंबई के बांद्रा में देखा गया, जहां उन्होंने ‘दस्तक’ फिल्म के अभिनेता शरद कपूर से मुलाकात की. दोनों की मुलाकात और बातचीत के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं. वीडियो में सोनू को शरद का हाल-चाल जानते देखा जा सकता हैं. वे अभिनेता को गले भी लगाते हैं. इसके बाद दोनों को बिल्डिंग के अंदर जाते देखा गया. वहीं फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक सोनू सूद शरद कपूर से किसी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा करने पहुंचे थे.
रिपोर्ट के मुताबिक सोनू सूद, शरद कपूर को एक नए प्रोजेक्ट के जरिए फिल्मों में वापसी का मौका दे सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों ने बताया है कि सोनू ने शरद के लिए जरूरी मेडिकल सप्लाई का भी इंतजाम किया है.
शरद कपूर की वीडियो हुई थी वायरल
गौरतलब है कि शरद कपूर की खराब सेहत के बारे में तब पता चला, जब सोशल मीडिया पर उनके और उनके चार पालतू कुत्तों के कुछ वीडियो वायरल हुए थे. इसके बाद एक्टर की एक और वीडियो आई जिसमें वे फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम के अवसर देने की अपील करके दिखे और अपने करियर को लेकर मदद मांगते दिखे.
शरद कपूर के साथ क्या हुआ है?
वीडियो में, शरद कपूर ने अपने सीनियर साथियों से काम के लिए गुहार लगाई. उन्होंने यह भी बताया कि वह पिछले दो-तीन सालों से बिस्तर पर हैं.अभिनेता ने कहा, “जब कोई बिना किसी वजह के आप पर इल्जाम लगाता है, तो दुख तो होता ही है. मैं डिप्रेशन में चला गया था. मेरा किसी से मिलने या काम करने का मन नहीं करता था. अब, मैंने इंडस्ट्री से एक अपील करने का फैसला किया है. प्लीज मेरी मदद करें. मैं फाइनेंशियल क्राइसिस से गुजर रहा हूं. जिन अभिनेताओं को मैं हमेशा अपना हीरो मानता आया हूँ, उनसे मेरी गुजारिश है कि प्लीज मेरी मदद करें”
शरद कपूर की फिल्में
शरद कपूर ने ‘दस्तक’, ‘तमन्ना’, ‘त्रिशक्ति’, ‘आगाज़’, ‘जोश’, ‘क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता’, ‘ये है जलवा’, ‘जानी दुश्मन – एक अनोखी कहानी’, ‘एलओसी कारगिल’, ‘जय हो’ और ‘जबरिया जोड़ी’ जैसी कई पॉपुलर फिल्मों में काम किया है. शरद को आखिरी बार फिल्म ‘द गुड महाराजा’ (2022) में देखा गया था.