खबर

Tata Sons में नया विवाद? नोएल टाटा ने बोर्ड मीटिंग की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी, वेणु की भूमिका और चंद्रा के री-अपॉइंटमेंट पर सवाल   | Tata Sons Row: Noel Tata Seeks Board Meeting Recordings, Questions Venu Srinivasan and n chandrasekaran



टाटा समूह में नेतृत्व और बोर्ड से जुड़े विवाद के बीच टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने एक बार फिर टाटा संस से बोर्ड मीटिंग की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी है. PTI की रिपोर्ट के अनुसार, 20 नवंबर को लिखे पत्र में उन्होंने 17 सितंबर को हुई टाटा संस की बोर्ड मीटिंग और बोर्ड की नॉमिनेशन एंड रिम्यूनरेशन कमेटी (NRC) की बैठक की रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की मांग की है.

सूत्रों के मुताबिक, नोएल टाटा ने टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय को लिखे पत्र में कहा है कि बोर्ड सदस्य होने के नाते उन्हें इन बैठकों की रिकॉर्डिंग मांगने का अधिकार है. टाटा संस इससे पहले इसी महीने उन्हें रिकॉर्डिंग देने से इनकार कर चुका है.

चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर क्या है विवाद?

ये विवाद टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़ा है. सूत्रों के मुताबिक, 3 सितंबर को NRC की बैठक हुई थी. इसमें चंद्रशेखरन से अपने उस फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा गया था, जिसमें उन्होंने दोबारा चेयरमैन बनने की दौड़ से खुद को अलग रखने की बात कही थी.

नोएल टाटा ने अपने पत्र में वेणु श्रीनिवासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि टाटा संस बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर श्रीनिवासन को चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़े मामले में खुद को चर्चा से अलग कर लेना चाहिए था, क्योंकि इसमें हितों के टकराव की स्थिति बनती है.

यह भी पढ़ें | ‘मालिक न तो रिटायर होते हैं, न ही खरीदे जा सकते’, नोएल टाटा ने समझाया- क्‍यों Tata Sons का प्राइवेट रहना जरूरी

वेणु श्रीनिवासन पर क्यों उठाया गया सवाल?

सूत्रों के मुताबिक, नोएल टाटा के पत्र में श्रीनिवासन की अध्यक्षता वाली कंपनी और चंद्रशेखरन के बेटे के स्वामित्व वाली कंपनी के बीच कारोबारी लेनदेन का जिक्र है. मीडिया रिपोर्ट्स में चंद्रशेखरन के परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित हन्नो वेयरहाउसिंग और टीवीएस समूह के बीच कारोबारी संबंधों की बात कही गई है.

नोएल टाटा ने इसी आधार पर हितों के टकराव का सवाल उठाया है. हालांकि, टाटा संस पहले इस मामले में किसी भी तरह के हितों के टकराव से इनकार कर चुका है. कंपनी का कहना है कि संबंधित जानकारियों का विधिवत खुलासा किया गया था.

रिकॉर्डिंग मांगने के पीछे क्या है अहमियत?

17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग और NRC की बैठक की रिकॉर्डिंग मांगने को इस विवाद में अहम कदम माना जा रहा है. इन रिकॉर्डिंग से बैठकों में हुई चर्चा, चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर हुई बातचीत और संबंधित बोर्ड सदस्यों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है.

हालांकि, फिलहाल टाटा संस की ओर से नोएल टाटा की नई मांग पर कोई जवाब सामने नहीं आया है.

250 करोड़ रुपये से ज्यादा के अनुदान पर भी हुई बैठक

नोएल टाटा का पत्र शुक्रवार शाम को टाटा ट्रस्ट्स की दो बैठकों के कुछ घंटे बाद भेजा गया. इन बैठकों में सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और टाटा एजुकेशन एंड डेवलपमेंट ट्रस्ट के अनुदान से जुड़े फैसले लिए गए.

सूत्रों के मुताबिक, दोनों बैठकों में 250 करोड़ रुपये से ज्यादा के अनुदान को मंजूरी दी गई. सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए और एजेंडे से बाहर के किसी मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई.

वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह, जो इस विवाद में नोएल टाटा के रुख के विरोध में माने जा रहे हैं, SDTT के ट्रस्टी हैं.

26 नवंबर को टाटा संस की अगली बोर्ड मीटिंग

टाटा संस की अगली बोर्ड मीटिंग 26 नवंबर को होनी है. ऐसे में नोएल टाटा की ओर से रिकॉर्डिंग की नई मांग और बोर्ड में हितों के टकराव को लेकर उठाए गए सवालों पर कंपनी का रुख अहम होगा.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button