

वाराणसी/नई दिल्ली:
देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच 31 अक्टूबर शनिवार को लॉन्च होगी. बनारस से नई दिल्ली के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे. रेल मंत्रालय ने ये जानकारी दी. वाराणसी और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा के पहले दिल्ली-वाराणसी के बीच चेयर कार वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी चल रही है. ये ट्रेन रात में चलेगी और आठ घंटे में प्रयागराज, कानपुर, गाजियाबाद, अलीगढ़ जैसे स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए मंजिल तक पहुंचेगी. दिल्ली-हावड़ा के बिजी रूट पर ये ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ा अवसर साबित होगी. देश में हावड़ा-गुवाहाटी कॉरिडोर पर वंदे भारत स्लीपर सेवाएं जनवरी 2026 में शुरू हुई थीं.
वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर की टाइमिंग
ये नई ट्रेन सेवा वाराणसी से रात 8.50 बजे प्रस्थान करेगी सुबह 6.10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी. यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9.40 पर चलेगी और अगली सुबह 7.10 बजे वाराणसी पहुंचेगी. शिवगंगा एक्सप्रेस के मुकाबले वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस काफी तेज होगी. वाराणसी से नई दिल्ली ये रेल यात्रा 55 मिनट पहले और नई दिल्ली से वाराणसी 35 मिनट पहले पहुंचेगी. यह रेल सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी. वाराणसी से शुक्रवार को और नई दिल्ली से अगले दिन शनिवार को यह ट्रेन नहीं चलेगी.





