
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 एवं टूरिज्म कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और विभिन्न संस्थाओं के बीच पर्यटन विकास, कौशल उन्नयन, डिजिटल नवाचार और निवेश से संबंधित समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया. इस अवसर पर पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों, मोटरस्पोर्ट्स एवं साहसिक पर्यटन, फिल्म पर्यटन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल पर्यटन तथा वन्यजीव पर्यटन परियोजनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में विभिन्न महत्वपूर्ण सहयोग एवं निवेश पहलों को आगे बढ़ाया गया.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 में mptourism.com के नए भाषाई अध्याय का भी शुभारंभ किया. मध्यप्रदेश पर्यटन अब जर्मन, स्पेनिश, फ्रेंच और जापानी इन चार नई भाषाओं के माध्यम से दुनिया भर के पर्यटकों तक अपनी पहुंच बना रहा है. अब विश्वभर से आने वाले पर्यटक सिंगल क्लिक के माध्यम से अपनी पसंदीदा भाषा का चयन कर सकेंगे और सहजता से मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, संस्कृति, विरासत एवं विविध पर्यटन अनुभवों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.
एडवेंचर और जल पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
कौशल विकास एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और ग्रामस्टे के बीच समझौता किया गया. इसके तहत मध्यप्रदेश के ग्रामीण पर्यटन गंतव्यों एवं होमस्टे को ग्रामस्टे के डिजिटल बुकिंग मंच पर सूचीबद्ध करने और उनका प्रचार-प्रसार करने के लिए सहयोग किया जाएगा.
एडवेंचर एवं जल पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बीच सहयोग एवं विकास के लिए समझौता किया गया. इसके अंतर्गत सुरक्षित एवं मानकीकृत साहसिक गतिविधियों, क्षमता निर्माण प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से मध्यप्रदेश को प्रमुख साहसिक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा.
मोटरस्पोर्ट्स के लिए नैट्रैक्स के साथ समझौता
मोटरस्पोर्ट्स एवं साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और राष्ट्रीय ऑटोमोटिव परीक्षण एवं अनुसंधान तथा विकास अवसंरचना परियोजना (नैट्रैक्स) के बीच भी सहयोग का समझौता किया गया. इस सहयोग के माध्यम से प्रदेश में मोटरस्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा.
फिल्म पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड तथा टीवीएफ और क्रैक फैमिली ऑफिस एंड प्रमोटर ग्रुप के बीच सहयोग का समझौता किया गया. इसके तहत फिल्म निर्माण, कौशल विकास, विषय-वस्तु निर्माण और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सहयोग किया जाएगा.
AI आधारित डिजिटल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
डिजिटल पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और एक्सप्लर्गर के बीच सहयोग का समझौता किया गया. इसके तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल पर्यटन, पर्यटक अनुभव और पर्यटन संबंधी आंकड़ा विश्लेषण को बढ़ावा देने पर काम किया जाएगा.
वन्यजीव पर्यटन में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और राजसंस होटल्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच बांधवगढ़, सतपुड़ा एवं गांधी सागर टाइगर रिजर्व में तीन प्रस्तावित वन्यजीव पर्यटन परियोजनाओं के विकास एवं सुविधाओं के लिए सहयोग का समझौता किया गया. इन तीनों परियोजनाओं में कुल ₹520 करोड़ के प्रस्तावित निवेश का प्रावधान है.
ओरछा में प्रस्तावित रिसॉर्ट के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड
इसके साथ ही आगामी पर्यटन परियोजनाओं के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड (एलओए) भी प्रदान किए गए. ग्वालियर स्थित मेसर्स पालिया कंस्ट्रक्शन के पार्टनर श्री अनूप शर्मा को निवाड़ी जिले के ग्राम ओरछा में प्रस्तावित रिसॉर्ट परियोजना के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड प्रदान किया गया.
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 एवं टूरिज्म कॉन्क्लेव के दौरान पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों, मोटरस्पोर्ट्स एवं साहसिक पर्यटन, फिल्म पर्यटन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल पर्यटन तथा वन्यजीव पर्यटन परियोजनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में विभिन्न महत्वपूर्ण सहयोग एवं निवेश पहलों को आगे बढ़ाया गया.